जिलाधिकारी ने जिला कोषागार का निरीक्षण कर पेंशनरों के लिए उपलब्ध सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था और अभिलेखों के रख-रखाव की स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ कोषाधिकारी शिखा गुप्ता ने कोषागार की कार्यप्रणाली और पेंशन संबंधी व्यवस्थाओं की जानकारी जिलाधिकारी को दी।
पेंशनर हेल्प डेस्क और लाउंज का निरीक्षण
जिलाधिकारी ने कोषागार परिसर में बनाए गए पेंशनर हेल्प डेस्क और पेंशनर लाउंज का निरीक्षण किया। उन्होंने पेंशनरों के बैठने की व्यवस्था, एसी, पेयजल और पेंशन संबंधी कार्यों के निस्तारण की स्थिति देखी। साथ ही अभिलेखों के रख-रखाव और पेंशनरों को दी जा रही सेवाओं के बारे में भी जानकारी ली।
सुविधाजनक सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि पेंशनरों को किसी तरह की असुविधा न हो। पेंशन से जुड़े मामलों के निस्तारण में सरलता और समयबद्धता का विशेष ध्यान रखने को कहा गया।
डबल लॉक और सुरक्षा व्यवस्था की जांच
निरीक्षण के अगले चरण में जिलाधिकारी ने कोषागार के डबल लॉक का जायजा लिया। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था और निर्धारित प्रक्रियाओं की जानकारी लेते हुए महत्वपूर्ण दस्तावेजों एवं अभिलेखों के सुरक्षित रख-रखाव की स्थिति भी देखी।
CCTV और अग्निशमन व्यवस्था का लिया जायजा
जिलाधिकारी ने कोषागार परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों, अग्निशमन उपकरणों और फायर सेफ्टी से जुड़ी व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इसके अलावा शौचालय, साफ-सफाई और अन्य मूलभूत सुविधाओं की स्थिति भी देखी गई।
व्यवस्थाएं मिलीं सुव्यवस्थित
निरीक्षण के दौरान पेंशनर सुविधाओं, सुरक्षा, अभिलेख संरक्षण, अग्निशमन और स्वच्छता से संबंधित व्यवस्थाएं व्यवस्थित पाई गईं। अधिकारियों को व्यवस्थाओं को इसी तरह बनाए रखने और आवश्यकतानुसार सुविधाओं में सुधार करने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी भाल चंद्र त्रिपाठी, वरिष्ठ कोषाधिकारी शिखा गुप्ता सहित संबंधित अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

