Site icon UP की बात

तरुण गाबा बने लखनऊ के नए पुलिस कमिश्नर, यूपी सरकार ने वरिष्ठ IPS अधिकारियों के किए तबादले

लखनऊ: उत्तर प्रदेश सरकार ने वरिष्ठ भारतीय पुलिस सेवा (IPS) अधिकारियों के बड़े स्तर पर तबादले किए हैं। इसी क्रम में 2001 बैच के आईपीएस अधिकारी तरुण गाबा को लखनऊ का नया पुलिस कमिश्नर नियुक्त किया गया है। उन्हें अपर पुलिस महानिदेशक (सुरक्षा) के पद से स्थानांतरित कर यह नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।

मूल रूप से चंडीगढ़ के रहने वाले तरुण गाबा का प्रशासनिक और पुलिस सेवा का लंबा अनुभव रहा है। केंद्रीय प्रतिनियुक्ति से वर्ष 2020 में उत्तर प्रदेश कैडर में लौटने के बाद उन्हें आईजी विजिलेंस और बाद में गृह सचिव जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी गईं। उस समय प्रदेश में कानून-व्यवस्था को लेकर विपक्ष के सवालों के बीच सरकार ने उन्हें अहम भूमिका सौंपी थी।

तरुण गाबा सीबीआई में भी लगभग सात वर्षों तक अपनी सेवाएं दे चुके हैं। इस दौरान उन्होंने चर्चित व्यापम घोटाले की जांच सहित कई महत्वपूर्ण मामलों में अहम भूमिका निभाई। वे राकेश अस्थाना से जुड़े चर्चित मामले की जांच टीम का भी हिस्सा रहे थे। सरकार की उम्मीद के मुताबिक तरुण गाबा के नेतृत्व में लखनऊ पुलिस की कार्यप्रणाली और अधिक प्रभावी होगी। विशेष रूप से विवेचनाओं की गुणवत्ता, अपराध नियंत्रण, बेहतर पुलिसिंग और कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के लिए और सख्त रुख अपनाया जाएगा।

Exit mobile version