अमेठी: खेतों में पराली जलाने से होने वाले पर्यावरण और स्वास्थ्य संबंधी नुकसान को रोकने के लिए जिला प्रशासन ने जागरूकता अभियान शुरू किया है। जिलाधिकारी शशांक चौधरी ने कलेक्ट्रेट परिसर से प्रचार वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ये वाहन जिले के सभी विकासखंडों और ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर किसानों को पराली प्रबंधन के वैज्ञानिक तरीकों की जानकारी देंगे।
डीएम ने किसानों से की पराली नहीं जलाने की अपील
जिलाधिकारी शशांक चौधरी ने किसानों से अपील की कि फसल कटाई के बाद पराली और अन्य फसल अवशेषों को खेतों में न जलाएं। उन्होंने बताया कि पराली जलाने से मिट्टी के लाभकारी सूक्ष्म जीव नष्ट होते हैं और भूमि की उर्वरा शक्ति कम होती है। इसके अलावा धुएं से वायु प्रदूषण बढ़ता है, जिसका सीधा असर लोगों के स्वास्थ्य पर पड़ता है।
पराली प्रबंधन के लिए अपनाएं ये उपाय
प्रशासन की ओर से किसानों को पराली का उपयोग करने के कई वैज्ञानिक तरीके बताए जा रहे हैं। इनमें प्रमुख हैं:
- कृषि यंत्रों की मदद से फसल अवशेषों को मिट्टी में मिलाना।
- बायो डीकम्पोजर का इस्तेमाल करना।
- पराली से जैविक और कम्पोस्ट खाद तैयार करना।
- नजदीकी गौशालाओं में पराली उपलब्ध कराना।
- प्रशासन ने किसानों से ‘पराली दो, खाद लो’ पहल अपनाने की अपील की है, जिससे पराली का उपयोगी इस्तेमाल हो सके और खेती की लागत भी कम हो।
- पराली जलाने पर लगेगा 30 हजार रुपये तक जुर्माना
- जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पराली जलाने वालों के खिलाफ आर्थिक दंड का प्रावधान है।
- 2 एकड़ तक भूमि पर पराली जलाने पर 5,000 रुपये।
- 2 से 5 एकड़ तक भूमि पर 10,000 रुपये।
- 5 एकड़ से अधिक भूमि पर 30,000 रुपये।
इसके अलावा नियमों का उल्लंघन करने वाले किसानों को सरकारी योजनाओं, कृषि अनुदान और किसान सम्मान निधि के लाभ से वंचित करने की कार्रवाई भी की जा सकती है।
कंबाइन हार्वेस्टर संचालकों को भी निर्देश
प्रशासन ने कंबाइन हार्वेस्टर संचालकों को सुपर स्ट्रॉ मैनेजमेंट सिस्टम (SMS) या अन्य निर्धारित फसल अवशेष प्रबंधन उपकरणों के साथ ही मशीन चलाने के निर्देश दिए हैं। नियमों का पालन नहीं करने पर संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
स्वच्छ और प्रदूषण मुक्त अमेठी बनाने की पहल
जिलाधिकारी ने किसानों से पर्यावरण संरक्षण में सहयोग करने की अपील की है। प्रशासन का उद्देश्य पराली जलाने की घटनाओं को रोकना, मिट्टी की उर्वरा शक्ति बनाए रखना और जिले को प्रदूषण मुक्त बनाना है। इसके लिए जागरूकता अभियान के माध्यम से गांव-गांव तक किसानों को जोड़ा जाएगा।

