Uttar Pradesh News: समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस के बीच आगामी विधानसभा चुनाव (Upcoming Assembly Elections) को लेकर सीटों के बंटवारे पर बातचीत जारी है। दरसअल, आज मंगलवार को लगातार दूसरे दिन दोनों दलों के नेताओं ने सीट शेयरिंग को लेकर चर्चा की। हालांकि, अभी तक सीटों के बंटवारे पर अंतिम फैसला नहीं हो सका है। सपा के वरिष्ठ नेता रामगोपाल यादव ने कहा कि सभी 403 विधानसभा सीटों पर एक-एक करके चर्चा की जा रही है। ऐसे में बातचीत पूरी होने में थोड़ा समय लग सकता है। उन्होंने भरोसा जताया कि अगले दो दौर की बैठकों में गठबंधन को लेकर सहमति बन जाएगी।
403 सीटों पर हो रही है एक-एक करके चर्चा
सपा नेता रामगोपाल यादव ने बैठक के बाद कहा कि दोनों दलों के बीच सीटों को लेकर सकारात्मक माहौल में बातचीत हुई है। वहीं, सभी विधानसभा सीटों पर विस्तार से चर्चा की जा रही है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में कुल 403 विधानसभा सीटें (403 Assembly Seats) हैं और इतनी बड़ी संख्या में सीटों पर बातचीत करने में समय लगना स्वाभाविक है।
रामगोपाल यादव का कहना है कि अभी किसी भी नेता ने अपनी तरफ से कोई खास सीट नहीं मांगी है। सभी सीटों पर दोनों दलों के नेताओं की राय ली जा रही है। जिसमें उन्होंने कहा कि बातचीत पूरी होने तक बैठकें जारी रहेंगी। अगली बैठक दो से तीन दिनों के भीतर हो सकती है।
कांग्रेस ने भी बातचीत को बताया सकारात्मक
यूपी कांग्रेस कमेटी के प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने भी सपा के साथ हुई बातचीत को सकारात्मक बताया। उन्होंने कहा कि दोनों दलों के नेता पूरी तैयारी और सकारात्मक सोच के साथ बातचीत कर रहे हैं। राजेंद्र पाल गौतम के मुताबिक, सभी 403 विधानसभा सीटों पर एक-एक करके चर्चा हो रही है। काफी सीटों पर बातचीत पूरी हो चुकी है, जबकि बाकी सीटों पर अगली बैठक में चर्चा की जाएगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि सपा और कांग्रेस के बीच अच्छा समझौता होगा।
26 सीटों पर अलग से नहीं हुई चर्चा
कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने 26 सीटों को लेकर चल रही चर्चाओं पर भी स्थिति स्पष्ट की। उन्होंने कहा कि इन 26 सीटों को लेकर अलग से कोई बातचीत नहीं हुई है। फिलहाल सभी 403 सीटों पर सामान्य रूप से चर्चा की जा रही है।
अखिलेश यादव ने बनाई चार सदस्यीय कमेटी
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कांग्रेस के साथ सीट बंटवारे की बातचीत के लिए चार सदस्यीय कमेटी बनाई है। इसकी अगुवाई पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव रामगोपाल यादव कर रहे हैं। कमेटी में प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल, सांसद राजीव राय और सांसद इकरा हसन चौधरी भी शामिल हैं। अब दोनों दलों की अगली बैठक पर सबकी नजरें टिकी हैं। माना जा रहा है कि आने वाली बैठकों में सीटों के बंटवारे को लेकर तस्वीर और साफ हो सकती है।
ये भी पढ़ें: यूपी में सीएम केशव मौर्य का बड़ा बयान, कहा- कमल का फूल ही हमारा चेहरा

