Site icon UP की बात

Singapore: सीएम योगी का संदेश… ‘नए भारत’ के साथ बदलता उत्तर प्रदेश, प्रवासी भारतीयों को निवेश का आमंत्रण

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सिंगापुर के GIIS Smart Campus में आयोजित कार्यक्रम में भारतीय समुदाय के साथ संवाद करते हुए ‘नए भारत’ और उत्तर प्रदेश के व्यापक कायाकल्प का विज़न प्रस्तुत किया। अपने संबोधन में उन्होंने उत्तर प्रदेश के सामाजिक, आर्थिक और औद्योगिक परिवर्तन की विस्तार से जानकारी दी और प्रवासी भारतीयों को इस विकास यात्रा में भागीदार बनने का आह्वान किया।

दंगों से विकास की ओर: बदला उत्तर प्रदेश

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पिछले 9 वर्षों में उत्तर प्रदेश ने दंगों, असुरक्षा और अराजकता की पुरानी छवि को पीछे छोड़ते हुए विकास की नई ऊंचाइयों को छुआ है। उन्होंने बताया कि राज्य की अर्थव्यवस्था और प्रति व्यक्ति आय में तीन गुना वृद्धि हुई है। आज उत्तर प्रदेश में “न कर्फ्यू है, न दंगा”, जिससे शांति, कानून-व्यवस्था और निवेश के लिए अनुकूल वातावरण बना है।

इंफ्रास्ट्रक्चर और तकनीक में यूपी की अग्रणी भूमिका

सीएम योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश आज आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर और तकनीक का प्रमुख केंद्र बन चुका है। देश के कुल एक्सप्रेसवे नेटवर्क का लगभग 55 प्रतिशत हिस्सा यूपी में है और यहां भारत का सबसे बड़ा मेट्रो नेटवर्क संचालित हो रहा है। उन्होंने बताया कि जेवर में बन रहा नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट देश का सबसे बड़ा एयरपोर्ट होगा। इसके साथ ही भारत में मोबाइल फोन की 55 प्रतिशत और इलेक्ट्रॉनिक कंपोनेंट्स की 60 प्रतिशत मैन्युफैक्चरिंग अकेले उत्तर प्रदेश में हो रही है।

विरासत और विकास का संगम

मुख्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश को “भारत की आत्मा का प्रदेश” बताते हुए कहा कि अयोध्या में राम मंदिर, काशी विश्वनाथ धाम और मथुरा–वृंदावन जैसे स्थल केवल आस्था के केंद्र नहीं, बल्कि भारत की शाश्वत चेतना के प्रतीक हैं। उन्होंने प्रयागराज महाकुंभ को समता, समरसता और ‘एक भारत–श्रेष्ठ भारत’ की भावना का जीवंत उदाहरण बताया।

निवेश और सुरक्षा का भरोसा

सीएम योगी ने सिंगापुर में रह रहे भारतीय प्रवासियों को उत्तर प्रदेश में पर्यटन और निवेश के लिए आमंत्रित किया। उन्होंने कहा कि राज्य में 34 से अधिक सेक्टोरल नीतियां लागू हैं और मजबूत कानून-व्यवस्था के चलते आज महिलाएं भी नाइट शिफ्ट में निडर होकर कार्य कर रही हैं, जो सुरक्षा व्यवस्था में आए बड़े बदलाव को दर्शाता है।

रक्षा और औद्योगिक विकास को नई गति

मुख्यमंत्री ने बताया कि उत्तर प्रदेश में डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग कॉरिडोर स्थापित किया गया है और लखनऊ में अब ब्रह्मोस मिसाइल का निर्माण हो रहा है। इसके साथ ही राज्य में सेमीकंडक्टर यूनिट लगाने और पहली रैपिड मेट्रो चलाने जैसे ऐतिहासिक कदम उठाए गए हैं, जिससे औद्योगिक विकास को नई दिशा मिली है।

शिक्षा और कौशल विकास पर विशेष जोर

सीएम योगी ने नेशनल एजुकेशन पॉलिसी 2020 के महत्व पर प्रकाश डालते हुए शिक्षा और कौशल विकास को भविष्य की कुंजी बताया। उन्होंने Global Indian International School द्वारा लखनऊ में स्कूल और स्किल सेंटर स्थापित करने के प्रस्ताव का स्वागत किया और इसे युवाओं के लिए बड़ा अवसर बताया।

मातृभूमि से जुड़े रहने का आह्वान

मुख्यमंत्री ने भारतीय समुदाय से अपनी मातृभूमि के प्रति कृतज्ञ रहने और भारत की इस नई विकास यात्रा में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रवासी भारतीय भारत की सॉफ्ट पावर और वैश्विक पहचान के मजबूत स्तंभ हैं।

कार्यक्रम में ये प्रमुख लोग रहे मौजूद

इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ उत्तर प्रदेश सरकार के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना, औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी, सरकार के सलाहकार अवनीश कुमार अवस्थी, औद्योगिक विकास आयुक्त, अतिरिक्त सचिव (वित्त) कुमार, सिंगापुर में भारत की उच्चायुक्त डॉ. शिल्पा मुंडे, ग्लोबल इंडियन स्कूल के संस्थापक अतुल टेम्भूर्णीकर और बड़ी संख्या में सिंगापुर में रह रहे भारतीय मूल के प्रवासी उपस्थित रहे।

Exit mobile version