सिद्धार्थनगर (उत्तर प्रदेश): दीपावली एवं छठ पर्व के अवसर पर शोहरतगढ़ विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पंचायत औदही कला में भाजपा नेता एवं समाजसेवी श्याम जायसवाल की ओर से सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सैकड़ों महिलाओं को साड़ी भेंटकर सम्मानित किया गया। वहीं, सेक्टर और बूथ अध्यक्षों सहित पार्टी के कार्यकर्ताओं को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया।
सैकड़ों महिलाओं को भेंट की गई साड़ी
कार्यक्रम में भाजपा के पदाधिकारियों, सेक्टर अध्यक्षों, शक्ति संयोजकों, बूथ अध्यक्षों और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। इस दौरान महिलाओं को साड़ी देकर त्योहार की खुशियां बांटी गईं। आयोजन को लेकर स्थानीय लोगों में उत्साह देखने को मिला।
भाजपा पदाधिकारियों ने की आयोजन की सराहना
कार्यक्रम में प्रधान प्रतिनिधि अशोक कुमार अग्रहरि ने श्याम जायसवाल के इस प्रयास की सराहना की और सभी को दीपावली एवं छठ पर्व की शुभकामनाएं दीं। वहीं, जिला उपाध्यक्ष पिछड़ा मोर्चा राजीव मौर्य ने कहा कि श्याम जायसवाल हमेशा लोगों के सुख-दुख में साथ खड़े रहते हैं। उनका व्यवहार कार्यकर्ताओं के बीच अपनापन और सम्मान की भावना को मजबूत करता है।
कार्यकर्ता संगठन की असली ताकत: श्याम जायसवाल
समारोह को संबोधित करते हुए भाजपा नेता श्याम जायसवाल ने कहा कि पार्टी के कार्यकर्ता संगठन की असली ताकत और रीढ़ हैं। उनके परिश्रम और समर्पण से ही संगठन मजबूत बनता है। उन्होंने कहा कि त्योहारों के अवसर पर महिलाओं और कार्यकर्ताओं को सम्मानित करने का उद्देश्य उनके साथ खुशियां साझा करना और आपसी संबंधों को मजबूत बनाना है। कार्यक्रम के माध्यम से सामाजिक सम्मान, संगठनात्मक एकता और त्योहारों की खुशियों का संदेश दिया गया।

