मुजफ्फरनगर के भोपा थाना क्षेत्र स्थित पौराणिक तीर्थ नगरी शुकतीर्थ में गंगा स्नान के दौरान बड़ा हादसा हो गया। भीषण गर्मी के बीच स्नान कर रहे श्रद्धालुओं में एक बालिका सहित तीन लोगों की डूबने से मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
स्थानीय लोगों ने चलाया राहत एवं बचाव अभियान
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस, प्रशासन और आसपास मौजूद लोगों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। सभी घायलों को तुरंत भोपा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने तीन श्रद्धालुओं को मृत घोषित कर दिया और एक को जिला अस्पताल रेफर किया गया।
सत्संग में शामिल होने आए थे श्रद्धालु
जानकारी के अनुसार, श्रद्धालु सतगुरु समन दास महाराज के सत्संग में शामिल होने शुकतीर्थ पहुंचे थे। गंगा स्नान के दौरान अचानक गहरे पानी में चले जाने से यह हादसा हुआ। मृतकों में विभिन्न जिलों के श्रद्धालु शामिल बताए जा रहे हैं।
इलाके में मचा हड़कंप, प्रशासन पर सवाल
हादसे के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार भी मौके पर पहुंचे और अस्पताल में अधिकारियों से जानकारी ली। उन्होंने घटना पर नाराजगी जताते हुए प्रशासनिक लापरवाही की उच्च स्तरीय जांच के निर्देश दिए हैं।
प्रशासन ने जांच के दिए आदेश
प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और कहा है कि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत की जाएगी। फिलहाल घायल युवक का इलाज जारी है और पूरे मामले की निगरानी की जा रही है।

