Site icon UP की बात

श्रावस्ती के नए डीएम बने मनोज कुमार राय, संभाली कमान

श्रावस्ती के नए डीएम बने मनोज कुमार राय

श्रावस्ती के नए डीएम बने मनोज कुमार राय

Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश के श्रावस्ती जिले को नया जिलाधिकारी मिल गया है। बता दें 2014 बैच के आईएएस अधिकारी मनोज कुमार राय ने सोमवार देर रात जिले पहुंचकर 39वें जिलाधिकारी के रूप में कार्यभार संभाल लिया। उनके पदभार ग्रहण करने के साथ ही जिले में प्रशासनिक व्यवस्था की नई जिम्मेदारी उनके हाथों में आ गई है।

जानकारी के लिए बता दें इससे पहले भी मनोज कुमार राय उत्तर प्रदेश शासन में विशेष सचिव के पद पर तैनात थे। वह नागरिक सुरक्षा एवं राजनीतिक पेंशन विभाग की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। शासन स्तर पर काम करने का अनुभव रखने वाले मनोज कुमार राय को अब श्रावस्ती जिले के प्रशासनिक संचालन की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

गार्ड ऑफ ऑनर देकर किया गया स्वागत

श्रावस्ती पहुंचने पर नवनियुक्त जिलाधिकारी मनोज कुमार राय का प्रशासनिक अधिकारियों की ओर से स्वागत किया गया। कार्यभार ग्रहण करने के बाद उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) शिशिर कुमार सिंह समेत जिले के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

पदभार संभालने के बाद जिलाधिकारी मनोज कुमार राय ने अपनी प्राथमिकताओं को लेकर स्पष्ट संदेश दिया। जिसमें उन्होंने कहा कि जिले में शासन की मंशा के अनुरूप पारदर्शी प्रशासनिक व्यवस्था और सुशासन को प्राथमिकता दी जाएगी। सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाना और प्रशासनिक कार्यों में जवाबदेही सुनिश्चित करना भी महत्वपूर्ण रहेगा।

जनसुनवाई और जनसमस्याओं का समाधान प्राथमिकता

नए जिलाधिकारी ने आम जनता की समस्याओं के त्वरित निस्तारण पर विशेष जोर दिया। जिसमें उन्होंने संकेत दिया कि जनसुनवाई व्यवस्था को ज्यादा प्रभावी बनाया जाएगा, ताकि लोगों को अपनी शिकायतों के समाधान के लिए अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े। जिले में प्रशासनिक कामकाज को बेहतर बनाने के साथ ही जनता और प्रशासन के बीच संवाद मजबूत करना भी उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा।

ऐसे में अब देखना होगा कि नए जिलाधिकारी मनोज कुमार राय के नेतृत्व में श्रावस्ती में विकास कार्यों, सरकारी योजनाओं और जनशिकायतों के निस्तारण को किस तरह गति मिलती है।

ये भी पढ़ें: यूपी के युवाओं के लिए नौकरी का सुनहरा मौका,10 जिलों में लगेगा रोजगार मेला

 

Exit mobile version