Site icon UP की बात

गाजियाबाद में डबल मर्डर से सनसनी, दो सगे भाइयों पर माता-पिता की हत्या का आरोप

गाजियाबाद में डबल मर्डर से सनसनी, दो सगे भाइयों पर माता-पिता की हत्या का आरोप

गाजियाबाद में डबल मर्डर से सनसनी, दो सगे भाइयों पर माता-पिता की हत्या का आरोप

उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले के थाना क्रॉसिंग रिपब्लिक क्षेत्र में सोमवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। घरेलू विवाद के दौरान दो सगे भाइयों पर अपने ही माता-पिता की हत्या करने का आरोप लगा है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई, जबकि पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।

झगड़े के बाद गंभीर रूप से घायल हुए दंपति

जानकारी के अनुसार भीमनगर निवासी गंगाशरण अपने परिवार के साथ रहते थे। परिवार में उनकी पत्नी विमलेश और दोनों बेटे दीपक व ललित भी मौजूद थे। किसी बात को लेकर परिवार के बीच विवाद शुरू हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गया। इस दौरान गंगाशरण और उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

दोनों बेटों को पुलिस ने लिया हिरासत में

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने दोनों बेटों दीपक और ललित को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और विवाद के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटी है।

 

बेरोजगारी को लेकर होता था पारिवारिक विवाद

स्थानीय लोगों के अनुसार परिवार में लंबे समय से विवाद की स्थिति बनी हुई थी। गंगाशरण अखबार की न्यूज एजेंसी का संचालन करते थे, जबकि उनके दोनों बेटे बेरोजगार थे। दोनों की शादी हो चुकी थी और उनके बच्चे भी हैं, लेकिन रोजगार नहीं होने के कारण उनकी पत्नियां उनके साथ नहीं रहती थीं। बताया जा रहा है कि पिता अक्सर बेटों को नौकरी करने और जिम्मेदारी निभाने के लिए कहते थे। इसी बात को लेकर परिवार में आए दिन कहासुनी और झगड़े होते रहते थे।

पुलिस जुटी साक्ष्य जुटाने में

पुलिस ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पूरे मामले की गहन जांच जारी है।

 

Exit mobile version