Uttar Pradesh News: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे को लेकर चल रहे सस्पेंस को खत्म कर दिया है। दरसअल, उन्होंने मंगलवार को दावा किया कि भगवान रामलला ने ही अखिलेश यादव को अयोध्या बुलाया है। अखिलेश यादव 12 दिसंबर को अयोध्या पहुंचकर रामलला के दर्शन करेंगे। शिवपाल ने यह भी कहा कि जिस तरह 2024 के लोकसभा चुनाव में भगवान श्रीराम ने समाजवादी पार्टी को जीत दिलाई, उसी तरह 2027 के विधानसभा चुनाव में भी पार्टी को जीत मिलेगी।
जानकारी के लिए बता दें शिवपाल सिंह यादव मंगलवार को अयोध्या पहुंचे थे। यहां हल्कारा का पुरवा में आयोजित दंगल प्रतियोगिता का शुभारंभ करने के बाद उन्होंने सपा पार्षद लुल्लुर यादव के आवास पर पत्रकारों से बातचीत की। वहीं, इस दौरान उन्होंने दावा किया कि 2027 में उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने जा रही है और अखिलेश यादव मुख्यमंत्री बनेंगे।
12 दिसंबर को रामलला के दर्शन करेंगे अखिलेश यादव
शिवपाल यादव ने अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे की तारीख भी बता दी। जिसमें उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव 12 दिसंबर को अयोध्या आएंगे और रामलला के दर्शन करेंगे। इससे पहले सपा प्रत्याशी पवन पांडेय भी अखिलेश के अयोध्या आने की जानकारी दे चुके थे। हालांकि, अखिलेश यादव से इस बारे में पूछे जाने पर स्पष्ट जवाब नहीं मिला था। अब शिवपाल के बयान के बाद दौरे को लेकर स्थिति साफ हो गई है।
सपा सरकार बनने पर घोटालों की जांच का दावा
शिवपाल यादव ने अयोध्या में हुए कथित घोटालों को लेकर भी भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सपा-कांग्रेस गठबंधन की सरकार बनने पर राम मंदिर चंदा चोरी, अयोध्या भूमि घोटाले, नजूल जमीन और सरयू नदी से जुड़े मामलों की जांच कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि जांच के बाद दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होगी।
ओवैसी और चंद्रशेखर के गठबंधन से सपा को फर्क नहीं
2027 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के साथ गठबंधन को लेकर शिवपाल ने कहा कि इस विषय पर बातचीत और विचार-विमर्श जारी है। सपा सभी को साथ लेकर चलना चाहती है। हमारा मुख्य लक्ष्य भाजपा को सत्ता से हटाना और अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाना है।
ओवैसी और चंद्रशेखर के गठबंधन पर उन्होंने कहा कि इससे समाजवादी पार्टी को कोई नुकसान नहीं होगा। वहीं, आजम खान को लेकर पूछे गए सवाल पर शिवपाल ने कहा कि पार्टी में उनका बहुत सम्मान है और उनके सम्मान के अनुरूप ही उन्हें जिम्मेदारी दी जाएगी।
ये भी पढ़ें: सीएम योगी ने लाचित बरफुकन की जयंती पर दी श्रद्धांजलि

