अयोध्या: राम मंदिर आंदोलन से जुड़े प्रमुख व्यक्तित्व रहे स्वर्गीय अशोक सिंघल की जयंती के अवसर पर अयोध्या के कारसेवकपुरम में सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में संत-महात्माओं, समाजसेवियों और गणमान्य लोगों की मौजूदगी रही। कार्यक्रम की शुरुआत अशोक सिंघल और मां भारती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। इस अवसर पर श्री भगवान महावीर विकलांग सहायता समिति संस्थान की ओर से विशेष सेवा शिविर लगाया गया। शिविर में जरूरतमंद दिव्यांगजनों को कृत्रिम हाथ-पैर उपलब्ध कराए गए। आयोजकों के अनुसार, एचडीपीई पाइप, प्लास्टर ऑफ पेरिस और अन्य आवश्यक सामग्री की मदद से तैयार किए गए कृत्रिम अंग लाभार्थियों को प्रदान किए गए, ताकि उन्हें दैनिक जीवन के कार्यों में सुविधा मिल सके।
जरूरतमंदों को निःशुल्क चश्मे भी वितरित
कार्यक्रम में अशोक सिंघल फाउंडेशन की ओर से भी स्वास्थ्य सेवा से जुड़े कार्य किए गए। आयोजकों के मुताबिक, फाउंडेशन पिछले चार वर्षों से अयोध्या में जरूरतमंद लोगों के लिए स्वास्थ्य संबंधी सेवाएं उपलब्ध कराने का काम कर रहा है।फाउंडेशन की ओर से जरूरतमंद लोगों को निःशुल्क चश्मे उपलब्ध कराने के साथ आंखों के ऑपरेशन में भी सहायता की जा रही है। जयंती कार्यक्रम के दौरान भी लोगों को इन सेवाओं का लाभ दिया गया।
सेवा कार्यों के जरिए श्रद्धांजलि
कार्यक्रम में आयोजकों ने कहा कि अशोक सिंघल के जीवन और उनके सेवा भाव से प्रेरणा लेते हुए जरूरतमंद लोगों तक सहायता पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। दिव्यांगजनों को कृत्रिम अंग उपलब्ध कराने के साथ स्वास्थ्य सुविधाओं से वंचित लोगों की मदद करना इस पहल का हिस्सा है। इस मौके पर राम मंदिर धार्मिक समिति के सदस्य राज कुमार दास जी महाराज, राजेंद्र दास पंकज जी, जिला पंचायत अध्यक्ष के प्रतिनिधि रोहित सिंह, अयोध्या महापौर गिरीश पति त्रिपाठी और कंचन भवन के महाराज सहित कई संत-महात्मा और गणमान्य लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान अशोक सिंघल के योगदान और उनके सामाजिक एवं धार्मिक कार्यों को याद किया गया। आयोजकों के मुताबिक, उनकी जयंती पर सेवा कार्यक्रम आयोजित करना जरूरतमंदों की मदद के साथ उन्हें श्रद्धांजलि देने का एक माध्यम है।कृत्रिम अंग और चश्मे मिलने के बाद लाभार्थियों में खुशी दिखाई दी। आयोजकों ने भविष्य में भी इसी तरह के सेवा कार्यों को जारी रखने की बात कही।

