लखनऊ : राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के पूर्वी उत्तर प्रदेश क्षेत्र के वरिष्ठ प्रचारक एवं कुटुंब प्रबोधन के पूर्व क्षेत्र प्रमुख आदरणीय अशोक उपाध्याय जी को मंगलवार को लखनऊ स्थित केशव भवन में अचानक हृदय संबंधी समस्या होने पर अस्वस्थता महसूस हुई। इसके बाद उन्हें तत्काल किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय (लारी मेडिकल कॉलेज), लखनऊ ले जाया गया।
चिकित्सकीय जांच में हृदय संबंधी समस्या की पुष्टि होने पर उन्हें आईसीयू के बेड नंबर-5 पर भर्ती किया गया। बुधवार को विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने उनका सफल ऑपरेशन (एंजियोप्लास्टी) किया। अस्पताल के विशेषज्ञ पैनल के अनुसार ऑपरेशन पूरी तरह सफल रहा है और अब उनका स्वास्थ्य स्थिर एवं संतोषजनक है। फिलहाल वे डॉक्टरों की निगरानी में हैं तथा तेजी से स्वस्थ हो रहे हैं।
ad
अशोक उपाध्याय जी वर्तमान में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पूर्वी उत्तर प्रदेश क्षेत्र में कुटुंब प्रबोधन प्रमुख की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। इससे पूर्व वे विश्व हिंदू परिषद में जिला प्रचारक, विभाग प्रचारक, संगठन मंत्री तथा क्षेत्र प्रचारक प्रमुख जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों का निर्वहन कर चुके हैं। उनका कार्य केंद्र लखनऊ है।
बाल्यकाल से ही संघ कार्य से जुड़े अशोक उपाध्याय जी ने अपना संपूर्ण जीवन संगठन के कार्यों को समर्पित किया है। उनका परिवार भी लंबे समय से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की विचारधारा और संगठनात्मक कार्यों से जुड़ा रहा है। उनके चाचा स्वर्गीय रमाशंकर उपाध्याय जी राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय पदाधिकारी रहे और उन्होंने भी अपना पूरा जीवन संगठन सेवा को समर्पित किया था।
जौनपुर के उपाध्याय परिवार का राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से कई दशकों पुराना संबंध रहा है और परिवार के अनेक सदस्यों ने निरंतर सेवा एवं संगठन विस्तार में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। संघ एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों के कार्यकर्ताओं ने अशोक उपाध्याय जी के शीघ्र पूर्ण स्वस्थ होने की कामना की है।

