Santkabirnagar News: उत्तर प्रदेश के संतकबीरनगर जिले का खलीलाबाद शहर जल्द ही राममय होने जा रहा है। बता दें यहां 18 से 24 नवंबर तक सात दिवसीय श्रीराम कथा अमृत महोत्सव एवं पर्यावरण संरक्षण यज्ञ का आयोजन किया जाएगा। इस धार्मिक आयोजन में भगवान श्रीराम के आदर्शों, उनके जीवन चरित्र और रामनाम की महिमा का संदेश श्रद्धालुओं तक पहुंचाया जाएगा। आयोजन को लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं।
जानकारी के लिए बता दें यह कार्यक्रम जिला मुख्यालय स्थित जूनियर हाईस्कूल (डायट कार्यालय) मैदान में आयोजित होगा। दरसअल, आज सोमवार को हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में आयोजन के संरक्षक अभिलाष भट्ट ने कार्यक्रम की जानकारी दी और जिले के लोगों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर धर्म लाभ लेने की अपील की है।
स्वामी विष्णु दास जी महाराज सुनाएंगे श्रीराम कथा
अखिल भारतीय श्रीराम नाम जागरण मंच और कल्याण सेवा संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में होने वाले इस महोत्सव में अयोध्या धाम के परम पूज्य स्वामी विष्णु दास जी महाराज कथा व्यास के रूप में शामिल होंगे। उनके मुखारविंद से प्रतिदिन श्रीराम चरित्र की कथा सुनाई जाएगी।
आयोजन के तहत प्रतिदिन सुबह 8 से 10 बजे तक पर्यावरण संरक्षण यज्ञ होगा। वहीं, दोपहर 3 बजे से शाम 7 बजे तक श्रीराम कथा का आयोजन किया जाएगा। 24 नवंबर को पूर्णाहुति के साथ महोत्सव का समापन होगा। श्रद्धालुओं के लिए प्रतिदिन भोजन प्रसाद की व्यवस्था भी की गई है।
सामाजिक समरसता और पर्यावरण संरक्षण पर रहेगा जोर
आयोजन के संरक्षक अभिलाष भट्ट का कहना है कि इस महोत्सव का उद्देश्य धार्मिक आस्था के साथ समाज में सकारात्मकता, आपसी प्रेम और सांप्रदायिक सौहार्द को बढ़ावा देना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्यक्रम का कोई राजनीतिक उद्देश्य नहीं है।
मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष पंडित निर्मल शास्त्री ने बताया कि अब तक करीब 200 रामकथाओं का आयोजन किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि रामकथा का उद्देश्य केवल भगवान श्रीराम की कथा सुनना नहीं, बल्कि उनके आदर्शों और मर्यादाओं को जीवन में अपनाना है। साथ ही इस महोत्सव में पर्यावरण संरक्षण, बेजुबान प्राणियों की सेवा, गरीब बच्चों की शिक्षा में सहयोग, प्रतिभाओं का सम्मान, संस्कृत भाषा के प्रचार और विश्व बंधुत्व का संदेश भी दिया जाएगा। आयोजन के मुख्य यजमान श्री हनुमान जी महाराज होंगे, जबकि निवेदक श्रीराम परिवार मित्र मंडली है।
ये भी पढ़ें: गौतमबुद्धनगर में स्वगणना हुआ शुरू, 30 नवंबर तक करें आवेदन

