Site icon UP की बात

रोरा रेल डबलिंग अंतिम चरण में, बुंदेलखंड को मिलेगी रेलवे विकास की बड़ी सौगात

उत्तर मध्य रेलवे के झांसी मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) अनुरुद्ध कुमार ने शनिवार को झांसी से बेलाताल रेलखंड तक विस्तृत निरीक्षण कर निर्माणाधीन रेल डबलिंग परियोजना और यात्री सुविधाओं की प्रगति की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मौजूदा रेल सेक्शन के साथ-साथ निर्माणाधीन डबलिंग लाइन का भी परीक्षण किया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के बाद डीआरएम ने बेलाताल, रोरा, हरपालपुर, घुटाई और मऊरानीपुर रेलवे स्टेशनों का दौरा किया। इस दौरान स्टेशनों पर प्रस्तावित यात्री सुविधाओं, स्टेशन आधुनिकीकरण और चल रहे विकास कार्यों की स्थिति का जायजा लिया गया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से परियोजना की प्रगति रिपोर्ट प्राप्त कर कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।

डीआरएम अनुरुद्ध कुमार ने बताया कि मऊरानीपुर से रोरा तक रेल लाइन डबलिंग का कार्य अंतिम चरण में पहुंच चुका है। परियोजना के पूर्ण होने पर रेल यातायात क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी, जिससे ट्रेनों का संचालन अधिक सुगम और प्रभावी बनेगा। साथ ही रेलवे बोर्ड को नई ट्रेनों के संचालन और अतिरिक्त ठहराव (स्टॉपेज) के प्रस्ताव भेजने में भी सुविधा मिलेगी।

उन्होंने बताया कि डबलिंग परियोजना के उद्घाटन के साथ ही कई नई यात्री सुविधाओं का शुभारंभ किया जाएगा। इनमें नए सर्कुलेटिंग एरिया, आधुनिक स्टेशन भवन, प्रवेश द्वार और बुकिंग कार्यालय जैसी सुविधाएं शामिल हैं। रोरा स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा को देखते हुए अतिरिक्त व्यवस्थाओं का प्रस्ताव भी तैयार किया गया है। वर्तमान में स्टेशन पर केवल एक बुकिंग विंडो संचालित है तथा प्लेटफॉर्म के बड़े हिस्से पर शेड नहीं होने के कारण यात्रियों को गर्मी और बारिश में परेशानी का सामना करना पड़ता है। रेलवे यहां नए प्लेटफॉर्म शेड और आधुनिक बुकिंग कार्यालय के निर्माण की योजना पर कार्य कर रहा है।

निरीक्षण के दौरान एक अंडरब्रिज में कुछ कमियां भी चिन्हित की गईं, जिन पर अधिकारियों ने बताया कि वहां प्रकाश व्यवस्था की जिम्मेदारी स्थानीय प्रशासन की है। डीआरएम ने कहा कि पिछली समीक्षा की तुलना में परियोजना में काफी प्रगति हुई है और शेष कार्य भी जल्द पूरे कर लिए जाएंगे। डबलिंग परियोजना बुंदेलखंड क्षेत्र में रेलवे विकास और यात्री सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।

Exit mobile version