उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या में आयोजित होने वाले दसवें भव्य एवं दिव्य दीपोत्सव को लेकर प्रदेशवासियों से खास अपील की है। उन्होंने कहा कि दीपोत्सव केवल दीप जलाने का पर्व नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, सनातन परंपरा और सामाजिक एकता का प्रतीक है।
आस्था और संस्कृति का प्रतीक है दीपोत्सव
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अयोध्या में मां सरयू के तट और राम की पैड़ी पर लाखों दीपों की रोशनी अद्भुत दृश्य प्रस्तुत करेगी। ड्रोन के माध्यम से होने वाली आकाशीय प्रस्तुतियां और कलाकारों की सांस्कृतिक सहभागिता दीपोत्सव की भव्यता को और बढ़ाएंगी।
जरूरतमंद परिवारों की दीपावली रोशन करने की अपील
सीएम योगी ने प्रदेशवासियों से आग्रह किया कि अपने आसपास रहने वाले वंचित और जरूरतमंद परिवारों की भी दीपावली खुशियों से भरें। अपनी क्षमता के अनुसार उन्हें दीपक, मिठाइयां और नए वस्त्र भेंट करें, ताकि त्योहार की खुशियां हर घर तक पहुंच सकें।
स्थानीय कारीगरों के उत्पाद खरीदने का दिया संदेश
मुख्यमंत्री ने स्थानीय कारीगरों और छोटे कारोबारियों को प्रोत्साहन देने की अपील करते हुए कहा कि लोग दीपावली पर स्थानीय मिट्टी के दीपक और अन्य हस्तनिर्मित उत्पाद खरीदें। इससे कारीगरों की मेहनत को सम्मान और उनके रोजगार को बढ़ावा मिलेगा।
परिवार के साथ अयोध्या आने का निमंत्रण
सीएम योगी ने प्रदेशवासियों को अपने परिवार और मित्रों के साथ अयोध्या पहुंचकर भव्य दीपोत्सव का साक्षी बनने का निमंत्रण दिया। उन्होंने प्रभु श्रीराम की पावन नगरी में आयोजित होने वाले इस महोत्सव में सभी की सहभागिता की कामना करते हुए जय श्रीराम का उद्घोष किया।

