गौतमबुद्धनगर। एनसीआर में वायु प्रदूषण पर नियंत्रण और हवा की गुणवत्ता में सुधार के उद्देश्य से गौतमबुद्धनगर में वाहनों के वैध प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र (PUC) की जांच शुरू कर दी गई है। जिले के सभी 113 पेट्रोल पंपों पर ईंधन लेने वाले वाहनों के PUC की वैधता जांचने की व्यवस्था लागू की जा रही है।
पेट्रोल पंपों पर PUC ऐप की व्यवस्था
जिला पूर्ति विभाग और एआरटीओ की संयुक्त टीम पेट्रोल पंपों पर PUC से संबंधित ऐप इंस्टॉल करा रही है। इसी ऐप के जरिए वाहन के प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र की वैधता की जानकारी जांची जा रही है।
अधिकारियों को नियमित निरीक्षण के निर्देश
क्षेत्रीय पूर्ति अधिकारियों और पूर्ति निरीक्षकों को अपने-अपने क्षेत्रों में पेट्रोल पंपों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए हैं। टीमों द्वारा मौके पर जाकर संचालकों को निर्धारित नियमों और दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने के लिए कहा जा रहा है।
बिना वैध PUC वाले वाहनों पर विशेष निगरानी
अधिकारियों की ओर से बिना वैध PUC प्रमाणपत्र वाले वाहनों को ईंधन उपलब्ध नहीं कराने की व्यवस्था पर विशेष नजर रखी जा रही है। पेट्रोल पंप संचालकों को नियमों के पालन में किसी तरह की लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
वाहन मालिकों से PUC अपडेट कराने की अपील
जिला पूर्ति अधिकारी निलेश उत्पल ने बताया कि जिले में व्यवस्था का प्रभावी ढंग से पालन कराया जाएगा। साथ ही वाहन मालिकों को अपने वाहनों के प्रदूषण प्रमाणपत्र की वैधता समय रहते जांचने और आवश्यक होने पर नया PUC बनवाने के लिए जागरूक किया जा रहा है।
पेट्रोल पंपों पर लगाए जा रहे जागरूकता बैनर
वाहन चालकों को नियमों की जानकारी देने के लिए जिले के पेट्रोल पंपों पर PUC से संबंधित दिशा-निर्देशों के बैनर लगाए जा रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि वाहन मालिक पहले से अपना वैध PUC प्रमाणपत्र सुनिश्चित कर लें, ताकि पेट्रोल या डीजल लेते समय उन्हें परेशानी का सामना न करना पड़े।

