अमेठी। जनगणना-2027 की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन ने अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। जिलाधिकारी शशांक चौधरी ने कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद के सभी चार्ज अधिकारियों के साथ बैठक कर स्वगणना (Self Enumeration) की प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को अभियान में तेजी लाने और अधिक से अधिक लोगों को स्वगणना से जोड़ने के निर्देश दिए।
डीएम ने अधिकारियों के साथ की समीक्षा बैठक
बैठक में जिलाधिकारी ने जनगणना-2027 के द्वितीय चरण यानी जनसंख्या गणना के तहत चल रही स्वगणना की अब तक की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में अभियान को गंभीरता से संचालित करें और नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित कराएं।
गांव से शहर तक चलाया जाएगा जागरूकता अभियान
डीएम शशांक चौधरी ने सभी चार्ज अधिकारियों को निर्देश दिया कि ग्राम पंचायतों, नगरीय निकायों और विभिन्न सरकारी विभागों के माध्यम से व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाए। इसके साथ ही जनगणना कार्य में लगाए गए प्रगणकों और सुपरवाइजरों को सक्रिय करते हुए स्वगणना की रफ्तार बढ़ाई जाए। उन्होंने यह भी कहा कि जिन लोगों को ऑनलाइन स्वगणना करने में परेशानी हो रही है, उन्हें प्रगणकों और संबंधित कर्मचारियों के माध्यम से जरूरी सहायता उपलब्ध कराई जाए।
16 से 30 नवंबर तक घर बैठे करें स्वगणना
जिला प्रशासन की ओर से जनपदवासियों से अपील की गई है कि वे 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक स्वगणना की प्रक्रिया जरूर पूरी करें। इसके लिए भारत सरकार के आधिकारिक पोर्टल https://se.census.gov.in पर जाकर अपने और परिवार के सदस्यों का विवरण ऑनलाइन दर्ज किया जा सकता है। ऑनलाइन जानकारी भरने के बाद मिलने वाली SE ID को सुरक्षित रखना जरूरी है। जब प्रगणक घर पहुंचे तो उन्हें यह आईडी उपलब्ध करानी होगी।
1 दिसंबर से 4 जनवरी तक घर-घर पहुंचेंगे प्रगणक
स्वगणना की प्रक्रिया पूरी होने के बाद 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक प्रगणक घर-घर जाकर जनगणना का कार्य करेंगे। इस दौरान नागरिकों से आवश्यक जानकारी एकत्र की जाएगी।
विकास योजनाओं के लिए महत्वपूर्ण है जनगणना
जिलाधिकारी ने जनगणना को महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य बताते हुए लोगों से इसमें बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की। जनगणना से प्राप्त सटीक आंकड़े देश और जिले की भविष्य की विकास योजनाओं, सरकारी नीतियों और विभिन्न जनकल्याणकारी कार्यक्रमों के निर्माण में अहम भूमिका निभाते हैं। प्रशासन ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे समय सीमा के भीतर स्वगणना पूरी कर इस राष्ट्रीय अभियान को सफल बनाने में अपना सहयोग दें।

