Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में करोड़ों रुपये की नकदी मिलने का मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। दरसअल, नवाबगंज थाना क्षेत्र के बरईपुर रामनगर गांव में पुलिस ने एक मकान की तलाशी के दौरान जमीन के नीचे दबे तीन नीले ड्रम बरामद किए हैं। बताया जा रहा है कि इन ड्रमों में 500 रुपये के नोटों की गड्डियां भरी हुई थीं। बता दें शुरुआती अनुमान के मुताबिक, बरामद नकदी की कीमत करीब 4 से 5 करोड़ रुपये हो सकती है।
मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस को मकान में बड़ी मात्रा में नकदी छिपाकर रखे जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर तलाशी अभियान चलाया। ऐसे में तलाशी के दौरान जमीन के नीचे छिपाए गए तीन ड्रम सामने आए। जब ड्रमों को बाहर निकाला गया तो उनमें नोटों की गड्डियां मिलने की बात सामने आई। इस मामले में पुलिस ने चार लोगों को हिरासत में लिए जाने की सूचना भी है।
राकेश यादव उर्फ महाकाल से जुड़ रहा मकान
प्रारंभिक जानकारी में इस मकान को राकेश यादव उर्फ महाकाल से जोड़कर देखा जा रहा है। वहीं, उसके भाई बबलू यादव के पुणे में रहने की बात भी सामने आई है। इसी आधार पर पुलिस नकदी के स्रोत और पुणे से संभावित संबंधों की जांच कर रही है। हालांकि, अभी तक इन संबंधों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
आयकर विभाग को दी जा सकती है सूचना
ऐसे में पुलिस अब इस बात का पता लगाने में जुटी हुई है कि इतनी बड़ी रकम कहां से आई और इसे जमीन के नीचे छिपाने की वजह क्या थी। आयकर विभाग समेत अन्य जांच एजेंसियों को भी मामले की जानकारी दिए जाने की बात सामने आई है। फिलहाल, बरामद रकम की गिनती और उसकी वास्तविक कीमत की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है। पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सकेगी।
ये भी पढ़ें: https://www.upkibaat.com/varanasi-graduate-mlc-election-ashutosh-sinha-sp-victory/

