Site icon UP की बात

सोनभद्र में पुलिस-मुठभेड़, 50 हजार का इनामी गो-तस्कर गिरफ्तार, छह गोवंश बरामद

सोनभद्र। जिले में गो-तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। रायपुर, पन्नूगंज और रॉबर्ट्सगंज पुलिस के साथ एसओजी एवं सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए कथित गो-तस्करों के एक गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस के अनुसार घेराबंदी के दौरान आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके बाद हुई मुठभेड़ में 50 हजार रुपये का इनामी बदमाश समेत दो आरोपी घायल हो गए, जबकि एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अवैध हथियार, कारतूस, छह गोवंश और तस्करी में प्रयुक्त एक पिकअप वाहन बरामद किया है।

ad

सूचना मिलते ही सक्रिय हुई पुलिस

पुलिस के अनुसार रात के समय सूचना मिली थी कि एक पिकअप वाहन में गोवंशों को भरकर बिहार ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर रायपुर, पन्नूगंज, रॉबर्ट्सगंज थाना पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की योजना बनाई और सारसोत क्षेत्र के पास घेराबंदी कर दी।जैसे ही संदिग्ध वाहन बैरियर के पास पहुंचा, पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया। पुलिस का दावा है कि खुद को घिरता देख वाहन सवार आरोपियों ने फायरिंग शुरू कर दी और भागने की कोशिश की।

जवाबी कार्रवाई में दो आरोपी घायल

पुलिस के अनुसार आत्मरक्षा में की गई जवाबी कार्रवाई के दौरान दो आरोपियों के पैर में गोली लगी, जिससे वे घायल हो गए। इसके बाद पुलिस ने दोनों घायल आरोपियों और एक अन्य आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया।गिरफ्तार आरोपियों में बिहार के कैमूर जिले का निवासी विकास यादव भी शामिल है, जिस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था।

कई गंभीर मामलों में वांछित था इनामी आरोपी

पुलिस के मुताबिक विकास यादव के खिलाफ गो-तस्करी, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट और अन्य गंभीर अपराधों से संबंधित कई मुकदमे दर्ज हैं। वहीं गिरफ्तार अन्य आरोपियों मेराज कुरैशी और विजय प्रताप यादव उर्फ वकील यादव का भी आपराधिक इतिहास बताया गया है।

हथियार, कारतूस और गोवंश बरामद

तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो अवैध तमंचे, जिंदा कारतूस और खोखा कारतूस बरामद किए। इसके अलावा पिकअप वाहन से छह गोवंश भी बरामद किए गए, जिन्हें पुलिस के अनुसार बिहार ले जाया जा रहा था।पुलिस ने सभी गोवंशों को मुक्त कर सुरक्षित स्थान पर भेज दिया है।

कई धाराओं में मुकदमा दर्ज

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ गोवध निवारण अधिनियम, आर्म्स एक्ट और अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। घायल आरोपियों का उपचार पुलिस अभिरक्षा में जिला अस्पताल में कराया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में गो-तस्करी और संगठित अपराध के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Exit mobile version