Site icon UP की बात

नशा मुक्त भारत के लिए PM मोदी का बड़ा आह्वान, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने युवाओं को किया प्रेरित

लखनऊ: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से ‘नशा मुक्त युवा, विकसित भारत संकल्प अभियान’ का शुभारंभ किया। इस राष्ट्रीय कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश की राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल लखनऊ स्थित किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय (KGMU) से वर्चुअल माध्यम से शामिल हुईं। इस अभियान से देशभर के राज्यपाल, मुख्यमंत्री, जनप्रतिनिधि और अन्य गणमान्य व्यक्ति जुड़े।कार्यक्रम के दौरान देश के लगभग 28 हजार स्थानों से ढाई करोड़ से अधिक युवाओं ने वर्चुअल माध्यम से जुड़कर नशा मुक्त भारत के संकल्प को दोहराया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि नशा केवल व्यक्ति को ही नहीं, बल्कि उसके परिवार, समाज और राष्ट्र के भविष्य को भी प्रभावित करता है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे स्वयं नशे से दूर रहें, दूसरों को भी इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करें और नशा मुक्त भारत को जन-आंदोलन बनाने में सक्रिय भूमिका निभाएं। प्रधानमंत्री ने कहा कि विकसित भारत के निर्माण के लिए युवाओं का स्वस्थ, जागरूक और नशामुक्त होना अत्यंत आवश्यक है।

इस अवसर पर राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने विद्यार्थियों और युवाओं को नशा मुक्त भारत की शपथ दिलाई। उन्होंने विश्वास जताया कि देश का युवा नशे से दूर रहकर राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने युवाओं से अपील की कि यदि उनके आसपास कोई व्यक्ति नशे की लत से जूझ रहा हो तो उसका मनोबल बढ़ाएं, उसे प्रेरित करें और नशा मुक्त जीवन की ओर आगे बढ़ने में सहयोग करें।

राज्यपाल ने अपने संबोधन में बाराबंकी के चैनपुरवा गांव का उदाहरण देते हुए बताया कि जहां कभी अवैध शराब निर्माण होता था, वहीं आज महिलाएं स्वरोजगार के माध्यम से आत्मनिर्भर बन चुकी हैं। उन्होंने बताया कि चैनपुरवा फाउंडेशन और तत्कालीन पुलिस अधीक्षक डॉ. अरविंद चतुर्वेदी की पहल से महिलाओं को सम्मानजनक रोजगार मिला और वे अब मोमबत्तियां, शहद, धूपबत्तियां, शॉल तथा अन्य उत्पाद बनाकर आर्थिक रूप से सशक्त हुई हैं।

उन्होंने होप वेलफेयर ट्रस्ट की ग्रीन आर्मी से जुड़ी महिलाओं का भी उल्लेख करते हुए कहा कि ये महिलाएं सोनभद्र, मिर्जापुर और वाराणसी सहित कई जिलों में नशा निवारण, महिला सशक्तीकरण और घरेलू हिंसा के खिलाफ जन-जागरूकता अभियान चलाकर समाज में सकारात्मक बदलाव ला रही हैं।राज्यपाल ने कहा कि विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा, जब देश का प्रत्येक युवा नशे से दूर रहकर समाज और राष्ट्र के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाएगा।

Exit mobile version