पश्चिमी उत्तर प्रदेश के दौरे पर पहुंचे भारतीय जनता पार्टी के नए प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि बिहार की राजनीति का हाल देखकर यूपी में जातिवादी राजनीति करने वाले दल बेचैन हैं। उन्होंने समाजवादी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश अब विपक्षविहीन होता जा रहा है।
अखिलेश यादव पर तंज, भाजपा संगठन को बताया मजबूत
प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए कहा कि भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष का कद सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष से भी बड़ा होता है। उन्होंने कहा कि भाजपा ही एकमात्र ऐसी पार्टी है, जहां एक सामान्य कार्यकर्ता संगठन में मेहनत करते हुए प्रदेश और राष्ट्रीय अध्यक्ष तक बन सकता है, जबकि सपा, कांग्रेस, बसपा, तृणमूल कांग्रेस और डीएमके जैसी पार्टियों में यह संभव नहीं है।
2027 की जीत का बिगुल मेरठ से
एनएच-58 कंकरखेड़ा बाईपास स्थित ईवाया रिसॉर्ट्स में आयोजित संगठनात्मक बैठक में पंकज चौधरी ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव की जीत की क्रांति मेरठ की धरती से शुरू होगी। उन्होंने कहा कि जिस तरह मेरठ क्रिकेट बैट का निर्यात करता है, उसी तरह यहां से भाजपा की जीत का संदेश पूरे प्रदेश में जाएगा और पार्टी तीसरी बार प्रचंड बहुमत से सरकार बनाएगी।
“कार्यकर्ताओं के कंधे से कंधा मिलाकर चलूंगा”
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि मंडल अध्यक्षों और बूथ कार्यकर्ताओं के सहयोग से ही वे सातवीं बार सांसद बने हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि किसी भी परिस्थिति में वे कार्यकर्ताओं के कंधे से कंधा मिलाकर चलेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि पद छोटा या बड़ा नहीं होता, पार्टी जो भी दायित्व सौंपे, उसे पूरी निष्ठा से निभाना चाहिए।
दिल्ली का रास्ता यूपी से होकर जाता है
पंकज चौधरी ने कहा कि देश की सत्ता का रास्ता उत्तर प्रदेश से होकर ही जाता है। कार्यकर्ताओं की ताकत से ही 2027 में भाजपा को बड़ी जीत मिलेगी। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि ये योजनाएं जमीन पर असर दिखा रही हैं और पश्चिमी यूपी से बड़ा निर्यात हो रहा है।
मोदी-योगी के नेतृत्व की उपलब्धियां गिनाईं
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को 28 देशों द्वारा सम्मानित किया जाना भारत की वैश्विक साख को दर्शाता है। कोरोना काल में भारत ने कई देशों को वैक्सीन देकर मानवता का उदाहरण पेश किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश की तस्वीर बदल गई है और प्रदेश विकास की राह पर तेजी से आगे बढ़ रहा है।
एसआईआर और अटल जन्म शताब्दी पर फोकस
प्रदेश अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं से कहा कि उन्हें दो प्रमुख काम करने हैं-अटल बिहारी वाजपेयी के विचारों को जन-जन तक पहुंचाना और एसआईआर के बाद होने वाले कार्यों को टीम बनाकर पूरा करना। उन्होंने एसआईआर को लेकर विपक्ष के आरोपों को छलावा बताया।
भव्य स्वागत, बुलडोजर से फूलों की वर्षा
मेरठ आगमन पर पंकज चौधरी का जगह-जगह जोरदार स्वागत किया गया। कंकरखेड़ा में कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी की और बुलडोजर पर चढ़कर फूलों की वर्षा की। इस दौरान बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता मौजूद रहे। पश्चिमी यूपी के इस दौरे में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने जहां विपक्ष पर आक्रामक तेवर दिखाए, वहीं 2027 के चुनाव के लिए कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए संगठन को मजबूत करने का स्पष्ट संदेश दिया।

