Uttar Pradesh News: शहर की सड़कों को आधुनिक और व्यवस्थित बनाने के लिए नोएडा प्राधिकरण ने मॉडल रोड परियोजनाओं को गति देने की तैयारी शुरू कर दी है। बता दें इसके तहत शहर की कई प्रमुख सड़कों का कायाकल्प किया जाएगा। इन सड़कों को अतिक्रमण मुक्त बनाने के साथ बेहतर फुटपाथ, पैदल यात्रियों के लिए क्रॉसिंग और आधुनिक ड्रेनेज व्यवस्था विकसित की जाएगी। इससे वाहन चालकों के साथ पैदल चलने वाले लोगों को भी राहत मिलने की उम्मीद है।
जानकारी के लिए बता दें इस संबंध में आज गुरुवार को नोएडा प्राधिकरण की अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी प्रीति जायसवाल ने वर्क सर्किल-1 से 5 तक के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में शहर की सफाई व्यवस्था, स्वच्छ सर्वेक्षण, सिविल निर्माण, अनुरक्षण कार्यों और विभिन्न विकास परियोजनाओं की प्रगति पर चर्चा की गई।
इन प्रमुख सड़कों को मॉडल रोड बनाने की तैयारी
बैठक में अधिकारियों ने प्रस्तावित मॉडल रोड परियोजनाओं का प्रस्तुतिकरण दिया। इसमें अट्टा पीर से एडोब क्रॉसिंग तक का मार्ग, डीएससी रोड, बॉटेनिकल गार्डन से न्यू अशोक नगर तक की सड़क, हाजीपुर अंडरपास से सेक्टर-51-52 अंडरपास तक 75 मीटर चौड़ी सड़क शामिल है। इसके अलावा गिझोड़ रोड, कैलाश रोड, सेक्टर-62 की फोर्टिस रोड और बड़े डी-पार्क से छोटे डी-पार्क तक के मार्ग को भी मॉडल रोड के रूप में विकसित करने की योजना है।
इन सड़कों पर अवैध अतिक्रमण हटाकर रास्तों को व्यवस्थित किया जाएगा। साथ ही पैदल यात्रियों के लिए बेहतर पाथ-वे, सुरक्षित क्रॉसिंग, भूमिगत सर्विसेज और ड्रेनेज व्यवस्था को सुधारा जाएगा। एसीईओ प्रीति जायसवाल ने अधिकारियों को परियोजनाओं के आगणन जल्द स्वीकृत कराकर काम आगे बढ़ाने के निर्देश दिए।
स्वच्छ सर्वेक्षण में नोएडा को मिला छठा स्थान
बैठक में शहर की सफाई व्यवस्था और स्वच्छ सर्वेक्षण की उपलब्धियों की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में नोएडा ने देशभर में छठा और उत्तर प्रदेश में पहला स्थान प्राप्त किया है। इस उपलब्धि पर एसीईओ ने खुशी जताते हुए आगामी सर्वेक्षण में रैंकिंग और बेहतर करने के निर्देश दिए।
एलिवेटेड रोड परियोजनाओं पर भी जोर
बैठक में मुख्य प्रशासनिक भवन के टावर-1, महामाया फ्लाईओवर से यमुना पुस्ता तक एलिवेटेड रोड और एफएनजी पर छजारसी गांव के पास प्रस्तावित एलिवेटेड रोड की भी समीक्षा हुई। अधिकारियों को सभी जरूरी औपचारिकताएं, स्वीकृतियां और अनापत्तियां पूरी कर जल्द निविदा प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही प्राधिकरण की वेबसाइट पर विकास कार्यों और उपलब्धियों की जानकारी नियमित रूप से अपडेट करने को कहा गया, ताकि शहरवासियों को परियोजनाओं की सही जानकारी मिल सके।
ये भी पढ़ें: संविधान दिवस पर योगी का बड़ा संदेश, कहा- आम नागरिक ही देश की ताकत

