Census 2027 Self Enumeration: नोएडा में जनगणना-2027 को लेकर स्वगणना अभियान की शुरुआत हो गई है। बता दें 16 नवंबर 2026 से शुरू हुए इस अभियान के तहत अब लोग घर बैठे ऑनलाइन माध्यम से अपनी और अपने परिवार की जानकारी दर्ज करा सकेंगे। अभियान का शुभारंभ नोएडा के सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. महेश शर्मा और मुख्य कार्यपालक अधिकारी (CEO) ने स्वयं तथा अपने परिवार की जानकारी आधिकारिक पोर्टल पर दर्ज करके किया।
जानकारी के लिए बता दें इस मौके पर सांसद और सीईओ ने नोएडा के निवासियों से राष्ट्रीय महत्व के इस अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि जनगणना देश की विकास योजनाओं और भविष्य की नीतियों के निर्माण के लिए महत्वपूर्ण आधार है। ऐसे में प्रत्येक नागरिक की भागीदारी जरूरी है।
30 नवंबर तक कर सकेंगे ऑनलाइन स्वगणना
बता दें स्वगणना अभियान 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक चलेगा। इसके लिए नागरिक भारत सरकार के आधिकारिक पोर्टल (census.gov.in) पर जाकर अपनी और परिवार के सदस्यों की जानकारी ऑनलाइन दर्ज कर सकते हैं।
स्वगणना की प्रक्रिया पूरी होने के बाद नागरिकों को एक पहचान संख्या (SE ID) मिलेगी। इसे सुरक्षित रखना जरूरी है। जब जनगणना प्रगणक घर पर जानकारी सत्यापित करने पहुंचेंगे, तब उन्हें यह पहचान संख्या दिखानी होगी।
नोएडा में तैनात किए गए 2,350 प्रगणक
चार्ज अधिकारी नोएडा इंदु प्रकाश सिंह का कहना है कि जनगणना के लिए जिले में कुल 2,350 प्रगणक और 364 सुपरवाइजर की तैनाती की गई है। ये कर्मचारी 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक घर-घर जाकर जनगणना का कार्य पूरा करेंगे।
स्वगणना अभियान के दौरान भी कर्मचारी अपने आवंटित क्षेत्रों में जाकर लोगों को ऑनलाइन जानकारी दर्ज करने के लिए जागरूक करेंगे। इसके लिए खास जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।
किराये पर रहने वाले लोगों की भी होगी गणना
अधिकारियों के अनुसार, जनगणना का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि नोएडा में रहने वाला कोई भी व्यक्ति गणना से छूटे नहीं और किसी की जानकारी दो बार दर्ज न हो। नोएडा में किराये पर रहकर नौकरी, व्यवसाय या अन्य काम करने वाले लोगों की गणना भी यहीं की जाएगी।
व्यक्तिगत जानकारी रहेगी पूरी तरह गोपनीय
चार्ज अधिकारी का कहना है कि जनगणना के दौरान नागरिकों से एकत्र की जाने वाली व्यक्तिगत जानकारी जनगणना अधिनियम, 1948 की धारा 15 के तहत गोपनीय रखी जाती है।
ऐसे में प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे 30 नवंबर तक स्वगणना की प्रक्रिया पूरी करें और दिसंबर से घर पहुंचने वाले जनगणना कर्मचारियों को आवश्यक सहयोग दें।
ये भी पढ़ें: सिद्धार्थनगर को मिला नया DM, गौरव सिंह सोगरवाल ने संभाली कमान

