Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश के चर्चित नीला ड्रम हत्याकांड (Blue Drum Murder Case) की दोषी मुस्कान रस्तोगी एक बार फिर चर्चा में है। पति सौरभ राजपूत की हत्या के मामले में फांसी की सजा मिलने के बाद अब मुस्कान अपनी बेटी पीहू से मिलना चाहती है। इसके लिए वह जेल प्रशासन को तीन पत्र लिख चुकी है, लेकिन अभी तक उसे कोई जवाब नहीं मिला है। बताया जा रहा है कि बेटी से मिलने की उसकी इच्छा लगातार बढ़ती जा रही है। हालांकि, परिवार की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने के कारण मुलाकात का रास्ता नहीं खुल पाया है।
बेटी से मिलने के लिए जेल प्रशासन को लिखे तीन पत्र
जानकारी के मुताबिक, 17 मार्च को गिरफ्तारी के बाद से मुस्कान रस्तोगी से मिलने उसके मायके का कोई सदस्य जेल नहीं पहुंचा है। उसकी बड़ी बेटी पीहू फिलहाल अपने ननिहाल में रह रही है। मुस्कान के माता-पिता पहले ही साफ कर चुके हैं कि वे उससे कोई संबंध नहीं रखना चाहते और न ही बेटी को उससे मिलवाना चाहते हैं।
फांसी की सजा सुनाए जाने के बाद मुस्कान ने पीहू से मिलने की इच्छा जताते हुए जेल प्रशासन को तीन पत्र लिखे। हालांकि, परिजनों की तरफ से कोई सहमति या प्रतिक्रिया नहीं मिलने के कारण मुलाकात को लेकर अभी कोई सकारात्मक जवाब नहीं मिला है।
प्रेमी के साथ मिलकर की थी पति सौरभ की हत्या
मुस्कान रस्तोगी ने 3-4 मार्च की रात अपने प्रेमी साहिल शुक्ला के साथ मिलकर पति सौरभ राजपूत की हत्या कर दी थी। बता दें हत्या के बाद शव के टुकड़े करके उन्हें नीले ड्रम में भर दिया गया और सीमेंट से बंद कर दिया गया। इसके बाद दोनों शिमला घूमने चले गए थे। 17 मार्च को वापस लौटने के बाद मुस्कान ने अपने माता-पिता के सामने अपराध कबूल किया था। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। 14 अक्टूबर 2026 को अदालत ने मुस्कान और साहिल को फांसी की सजा सुनाई थी। जेल में मुस्कान सिलाई का काम करती है, जबकि साहिल खेती-बागवानी से जुड़ा काम करता है।
30 नवंबर को हाईकोर्ट में होगी सुनवाई
फांसी की सजा के खिलाफ मुस्कान और साहिल ने हाईकोर्ट में याचिका दाखिल की है। मामले में अदालत ने केस से जुड़ी रिपोर्ट तलब की है। अब 30 नवंबर को याचिका पर सुनवाई होनी है। साहिल के परिवार ने दोनों का पक्ष रखने के लिए निजी वकील नियुक्त किया है।
हत्या वाले मकान का कराया गया शुद्धिकरण
इस मामले में एक नवंबर को उस मकान का शुद्धिकरण भी कराया गया, जहां सौरभ की हत्या हुई थी। अखिल भारतीय हिंदू महासभा की आगरा जिलाध्यक्ष मीरा राठौर अपने समर्थकों के साथ इंदिरानगर स्थित मकान पहुंचीं। मकान मालिक की अनुमति नहीं मिलने के कारण ताला नहीं खोला गया। इसके बाद गेट पर संगम जल छिड़ककर, नारियल फोड़कर और मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना की गई।
ये भी पढ़ें: यूपी में कांग्रेस की चुनावी तैयारी हुई शुरू, दिसंबर से शुरू होंगी रैलियां

