लखनऊ/मीरजापुर। प्रदेश की राज्यपाल एवं राज्य विश्वविद्यालयों की कुलाधिपति Anandiben Patel ने जनपद मीरजापुर स्थित Maa Vindhyavasini University का भ्रमण कर निर्माणाधीन कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विश्वविद्यालय परिसर में चल रहे शैक्षणिक और आधारभूत संरचना से जुड़े कार्यों की प्रगति व गुणवत्ता की विस्तार से समीक्षा की।
एकेडमिक ब्लॉक, गर्ल्स हॉस्टल और प्रशासनिक भवन का निरीक्षण
राज्यपाल ने विश्वविद्यालय के एकेडमिक ब्लॉक, गर्ल्स हॉस्टल और प्रशासनिक भवन का भ्रमण किया। उन्होंने भूतल और प्रथम तल पर जाकर निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी ली और अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से कोई समझौता न हो तथा सभी कार्य समय-सीमा के भीतर पूर्ण किए जाएं।
श्रमिकों के बच्चों को स्कूल बैग व पाठ्य पुस्तकों का वितरण
निरीक्षण के दौरान राज्यपाल ने निर्माण कार्य में लगे कामगार श्रमिकों के स्कूल में अध्ययनरत बच्चों को स्कूल बैग और पाठ्य पुस्तकें वितरित कीं। उन्होंने बच्चों से संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया और शिक्षा के महत्व पर बल दिया।
पर्यावरण संरक्षण का संदेश, हरसिंगार सहित पौधरोपण
राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने विश्वविद्यालय परिसर में हरसिंगार सहित अन्य पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि शैक्षणिक परिसरों में हरियाली बढ़ाना भावी पीढ़ी के लिए स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण सुनिश्चित करने की दिशा में अहम कदम है।
विश्वविद्यालय की समीक्षा बैठक, स्टाफ और संसाधनों पर चर्चा
विश्वविद्यालय भ्रमण के पश्चात कुलाधिपति की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विश्वविद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों, संबद्ध महाविद्यालयों, पुस्तकालय, शिक्षकों एवं अन्य स्टाफ की उपलब्धता पर विस्तार से चर्चा हुई। लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से निर्माण कार्य की प्रगति प्रतिशत, स्वीकृत बजट, प्राप्त धनराशि और व्यय की गई राशि की जानकारी भी ली गई।
कौशल विकास केंद्र और इनक्यूबेशन सेंटर स्थापित करने के निर्देश
राज्यपाल ने विद्यार्थियों के स्वरोजगार और स्टार्टअप को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विश्वविद्यालय में कौशल विकास केंद्र और इनक्यूबेशन सेंटर स्थापित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इससे छात्र-छात्राएं आत्मनिर्भर बनेंगे और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। साथ ही विश्वविद्यालय के सुचारु संचालन के लिए सहायक अध्यापकों और आवश्यक स्टाफ की मांग का प्रस्ताव शासन को भेजने के निर्देश भी दिए गए।
जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की उपस्थिति
इस अवसर पर Ashish Patel, नगर विधायक Ratnakar Mishra, मड़िहान विधायक रमाशंकर सिंह पटेल, छानबे विधायक रिंकी कोल, मंडलायुक्त विन्ध्याचल मंडल राजेश प्रकाश, पुलिस महानिरीक्षक आर.पी. सिंह, जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार, पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक, कुलपति शोभा गौड़, मुख्य विकास अधिकारी विशाल कुमार सहित अनेक जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।

