Uttar Pradesh News: चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय, मेरठ में आयोजित पश्चिमांचल यूपी स्टार्टअप संवाद कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश की राज्यपाल एवं राज्य विश्वविद्यालयों की कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल ने युवाओं के नवाचार और उद्यमशीलता की सराहना की। इस अवसर पर उन्होंने 18 विश्वविद्यालयों की ओर से लगाए गए 60 से ज्यादा स्टॉलों और प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। इसके बाद राज्यपाल ने कई विश्वविद्यालयों के विद्यार्थियों, युवा उद्यमियों और स्टार्टअप संचालकों के प्रयासों का अवलोकन किया।
18 विश्वविद्यालयों के 60 से अधिक स्टॉल बने आकर्षण का केंद्र
प्रदर्शनी में कई विश्वविद्यालयों के विद्यार्थियों और युवा उद्यमियों ने अपने नए उत्पादों, तकनीकी नवाचारों और उद्यमशीलता से जुड़े विचारों को प्रस्तुत किया। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने एक-एक स्टॉल पर पहुंचकर वहां प्रदर्शित उत्पादों और तकनीकों के बारे में जानकारी प्राप्त की है।
इस दौरान स्टार्टअप संचालकों ने राज्यपाल को अपने उद्यम की शुरुआत, उसकी कार्यप्रणाली और उत्पादों की विशेषताओं के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने यह भी समझाया कि उनके उत्पाद किस तरह लोगों की समस्याओं का समाधान करने में उपयोगी साबित हो सकते हैं। साथ ही, अपने स्टार्टअप के भविष्य की संभावनाओं और विस्तार की योजनाओं की जानकारी भी दी।
युवाओं के नवाचार देखकर राज्यपाल ने की सराहना
राज्यपाल ने विद्यार्थियों और युवा उद्यमियों की ओर से विकसित किए जा रहे नए उत्पादों और तकनीकों में विशेष रुचि दिखाई। जिसमें उन्होंने कहा कि युवाओं के नए विचार और नवाचार देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। समस्याओं के समाधान के लिए युवाओं की ओर से किए जा रहे प्रयास सराहनीय हैं। उन्होंने स्टार्टअप संचालकों को प्रोत्साहित करते हुए अपने विचारों को केवल कल्पना तक सीमित न रखने और उन्हें व्यावहारिक रूप देने के लिए प्रेरित किया। राज्यपाल ने युवाओं से निरंतर मेहनत करने, अपने उत्पादों की गुणवत्ता बेहतर बनाने और अपने उद्यम को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
नवाचार और उद्यमशीलता को मिलेगा बढ़ावा
पश्चिमांचल यूपी स्टार्टअप संवाद के तहत आयोजित इस प्रदर्शनी में विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा और रचनात्मक सोच प्रदर्शित करने का अवसर मिला। 18 विश्वविद्यालयों की भागीदारी और 60 से अधिक स्टॉलों के माध्यम से युवाओं के नए विचारों को एक मंच मिला। कार्यक्रम का उद्देश्य शिक्षा के साथ नवाचार, स्वरोजगार और उद्यमशीलता को प्रोत्साहित करना भी है।
ये भी पढ़ें: मेरठ में CCSU और AKTU के बीच हुआ बड़ा समझौता

