फिरोजाबाद: उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले में डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर (DFC) पर बुधवार शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब चार पहिया वाहनों से लदी एक मालगाड़ी के डिब्बे में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में आसमान में काले धुएं का विशाल गुबार छा गया। सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन, पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंच गईं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।
घटना थाना लाइनपार क्षेत्र के रूपसपुर के निकट हुई। जानकारी के अनुसार मालगाड़ी टूंडला से कानपुर की ओर जा रही थी। इसी दौरान एक डिब्बे में अचानक आग लग गई, जिसमें बड़ी संख्या में चार पहिया वाहन लदे हुए थे। आग की लपटें देखते ही देखते तेज हो गईं और दूर-दूर तक धुएं का गुबार दिखाई देने लगा। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण भी मौके पर एकत्र हो गए।
छह दमकल गाड़ियों ने संभाला मोर्चा
आग की गंभीरता को देखते हुए फायर ब्रिगेड की कुल छह गाड़ियों को मौके पर लगाया गया। दमकल कर्मियों ने कई घंटों तक लगातार प्रयास कर आग पर काबू पाया। आग की लपटों और घने धुएं के कारण बचाव कार्य में काफी चुनौतियों का सामना करना पड़ा, लेकिन संयुक्त प्रयासों से स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया।
मौके पर कई थानों की पुलिस, रेलवे सुरक्षा बल (RPF), राजकीय रेलवे पुलिस (GRP) और रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी भी पहुंचे। सुरक्षा के दृष्टिकोण से पूरे क्षेत्र को घेराबंदी कर राहत एवं बचाव कार्य संचालित किया गया।
ad
डीएफसी का एक रूट रहा प्रभावित
मुख्य अग्निशमन अधिकारी (CFO) सत्येंद्र पांडे ने बताया कि आग लगने के बाद एहतियातन डीएफसी के एक रूट पर परिचालन अस्थायी रूप से रोक दिया गया था, जबकि दूसरे रूट पर ट्रेनों का संचालन जारी रहा। उन्होंने बताया कि घटना में किसी भी व्यक्ति के हताहत होने की सूचना नहीं है, जो राहत की बात है।
आग लगने के कारणों की जांच शुरू
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। रेलवे प्रशासन और संबंधित विभागों ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही आग के कारणों और नुकसान के वास्तविक आंकलन की जानकारी सामने आ सकेगी।
टला बड़ा हादसा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग इतनी भयावह थी कि कई किलोमीटर दूर से धुएं का गुबार दिखाई दे रहा था। हालांकि समय रहते फायर ब्रिगेड, रेलवे प्रशासन और पुलिस की त्वरित कार्रवाई से आग पर काबू पा लिया गया, जिससे एक संभावित बड़ा हादसा टल गया।

