Site icon UP की बात

जालौन में सर्राफा व्यापारियों का बड़ा फैसला, 24 कैरेट सोना और गोल्ड बार बिक्री को करेंगे हतोत्साहित

Bullion Traders

उत्तर प्रदेश के जालौन जनपद में देशहित और अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से प्रशासन ने सर्राफा व्यापारियों और बुलियन कारोबारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की। प्रधानमंत्री की सोना एवं बुलियन खरीद को लेकर की गई अपील और उत्तर प्रदेश सरकार के निर्देशों के अनुपालन में कलेक्ट्रेट सभागार में यह बैठक संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय और पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से की।

बैठक में राज्य कर विभाग के अधिकारियों, सर्राफा व्यापारियों, ज्वैलर्स एसोसिएशन, बुलियन कारोबारियों और व्यापार मंडल के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। प्रशासन की ओर से व्यापारियों को वैश्विक आर्थिक परिस्थितियों, विदेशी मुद्रा भंडार पर बढ़ते दबाव और अत्यधिक सोने के आयात से देश की अर्थव्यवस्था पर पड़ने वाले प्रभाव के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।

अधिकारियों ने कहा कि लगातार बढ़ते सोने के आयात से विदेशी मुद्रा भंडार पर दबाव बनता है, जिससे देश की आर्थिक स्थिति प्रभावित हो सकती है। ऐसे में व्यापारियों से सहयोग की अपील की गई कि वे सरकार की मंशा के अनुरूप कदम उठाएं और लोगों को वैकल्पिक उपायों के प्रति जागरूक करें।

बैठक के दौरान सर्राफा व्यापारियों ने देशहित में बड़ा भरोसा जताते हुए सहमति दी कि अब 24 कैरेट खरा सोना, बुलियन और गोल्ड बार की सीधी बिक्री को हतोत्साहित किया जाएगा। व्यापारियों ने कहा कि वे ग्राहकों को घर में रखी पुरानी ज्वैलरी को रिसाइकिल कर नई ज्वैलरी बनवाने के लिए प्रेरित करेंगे। उनका मानना है कि इससे सोने के आयात में कमी आएगी और देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

व्यापारियों ने यह भी कहा कि मौजूदा वैश्विक परिस्थितियों और युद्ध जैसे हालातों को देखते हुए वे सरकार के साथ पूरी तरह खड़े हैं और देशहित में हर संभव सहयोग करेंगे। प्रशासन और व्यापारियों के बीच इस सहमति को एक सकारात्मक पहल माना जा रहा है।

जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने व्यापारियों को भरोसा दिलाया कि प्रशासन उनकी मूलभूत समस्याओं और सुविधाओं के समाधान के लिए हरसंभव प्रयास करेगा। उन्होंने व्यापारियों से शासन की अपील के अनुरूप कार्य करने और लोगों को जागरूक करने का आग्रह किया।

बैठक में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट एवं उपजिलाधिकारी आईएएस रिंकू सिंह राही, जलशक्ति मंत्री प्रतिनिधि अरविंद सिंह चौहान, उपायुक्त अमित कुमार यादव, सहायक आयुक्त आशीष मिश्रा, ब्रजेश कुमार सरोज, राज्य कर अधिकारी सचिन आनंद, सर्राफा एसोसिएशन अध्यक्ष श्याम किशोर गुप्ता, आशीष अग्रवाल सहित जनपद के कई व्यापारी उपस्थित रहे।

Exit mobile version