लखनऊ स्थित जन भवन परिसर के जन भवन आदर्श माध्यमिक विद्यालय में प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने आज ‘सुनीता विलियम्स विलेज वैज्ञानिक स्पेस लैब’ का विधिवत लोकार्पण किया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर से ‘स्पेस ऑन व्हील’ वैन का भी शुभारंभ किया गया, जिसका उद्देश्य विद्यालयों तक अंतरिक्ष विज्ञान से जुड़ी जानकारी को पहुँचाना है।
व्योमिका फाउंडेशन और HDFC बैंक के CSR से स्थापित स्पेस लैब
यह स्पेस लैब व्योमिका फाउंडेशन द्वारा एचडीएफसी बैंक के CSR फंड के सहयोग से लगभग 12.50 लाख रुपये की लागत से स्थापित की गई है। लैब में भारतीय अंतरिक्ष कार्यक्रम से जुड़े विभिन्न मॉडल और तकनीकी जानकारियाँ प्रदर्शित की गई हैं।
SLV से लेकर चंद्रयान तक, अंतरिक्ष उपलब्धियों की झलक
‘स्पेस ऑन व्हील’ वैन और लैब में भारतीय अंतरिक्ष कार्यक्रम की प्रमुख उपलब्धियों को दर्शाया गया है। इसमें एसएलवी, पीएसएलवी, जीएसएलवी, चंद्रयान-1, चंद्रयान-2, मंगलयान, विक्रम लूनर लैंडर, टेलिस्कोप, ड्रोन, विमान मॉडल, मिनी रोबोट सहित कई कार्यशील और स्केल मॉडल शामिल हैं। विद्यार्थियों ने स्वयं इन मॉडलों का प्रदर्शन कर राज्यपाल को जानकारी दी।
विद्यार्थियों से संवाद, अनुशासन और परिश्रम का संदेश
राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने लैब का निरीक्षण करते हुए प्रत्येक स्टॉल पर विद्यार्थियों से संवाद किया और उनके प्रयासों की सराहना की। उन्होंने बच्चों को स्वच्छता, अनुशासन, नियमित उपस्थिति, परिश्रम और शारीरिक व्यायाम के महत्व को समझाया। उन्होंने कहा, “दृढ़ संकल्प के साथ कोई भी लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है।” साथ ही विद्यालय में समयपालन, स्वच्छता अभियान और सकारात्मक वातावरण बनाए रखने पर विशेष बल दिया।
अंतरिक्ष विज्ञान पर विशेषज्ञ प्रस्तुतीकरण
कार्यक्रम में स्पेस एप्लीकेशन सेंटर के निदेशक निलेश एम. देसाई ने अंतरिक्ष विज्ञान पर आधारित प्रस्तुतीकरण दिया। उन्होंने विद्यार्थियों को विज्ञान और गणित के प्रति भय त्यागकर प्रयोगात्मक शिक्षा अपनाने के लिए प्रेरित किया तथा इसरो की यात्रा, उपलब्धियों और भविष्य की योजनाओं-निसार, नाविक, चंद्रयान-3, आदित्य L-1, गगनयान और प्रस्तावित भारत अंतरिक्ष स्टेशन-की जानकारी दी।
नेतृत्व क्षमता और आत्मविश्वास पर जोर
राज्यपाल ने निर्देश दिया कि विद्यालय की प्रार्थना सभा एवं अन्य कार्यक्रमों का संचालन विद्यार्थी स्वयं करें, जिससे उनमें नेतृत्व क्षमता और आत्मविश्वास का विकास हो। उन्होंने कहा,
“हंसते-हंसते स्कूल आना है और हंसते-हंसते स्कूल से जाना है।”
गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति
इस अवसर पर लखनऊ मंडल आयुक्त विजय विश्वास पंत, जिलाधिकारी लखनऊ, व्योमिका फाउंडेशन के प्रमुख गोविंद यादव, एचडीएफसी बैंक यूपी स्टेट हेड मनोज कुमार राय सहित अनेक अधिकारी, शिक्षक और विद्यार्थी उपस्थित रहे।

