Site icon UP की बात

UP News: लखनऊ मेट्रो को 1450 करोड़ रुपये का बूस्ट, सेकेंड फेज को मिलेगी रफ्तार

लखनऊ मेट्रो रेल कॉरपोरेशन के सेकेंड फेज को अब नई गति मिलने जा रही है। केंद्र सरकार से ₹1450 करोड़ की पहली किस्त जारी होने के बाद अगले तीन महीनों में चारबाग से बसंतकुंज के बीच निर्माण कार्य शुरू होने की संभावना है। इस फंडिंग से परियोजना की लंबे समय से अटकी प्रक्रिया को मजबूती मिलेगी।

11.16 किमी लंबे रूट पर बनेंगे 12 नए मेट्रो स्टेशन

सेकेंड फेज के तहत करीब 11.16 किलोमीटर लंबे कॉरिडोर का निर्माण किया जाएगा, जिस पर कुल 12 मेट्रो स्टेशन प्रस्तावित हैं। इनमें 7 स्टेशन भूमिगत (अंडरग्राउंड) और 5 स्टेशन एलिवेटेड होंगे। यह रूट पुराने लखनऊ से पश्चिमी क्षेत्रों तक शहर की कनेक्टिविटी को मजबूत करेगा।

5801 करोड़ रुपये की परियोजना, पांच साल में पूरा करने का लक्ष्य

लखनऊ मेट्रो का सेकेंड फेज लगभग ₹5801 करोड़ की लागत से तैयार किया जाएगा। इस महत्वाकांक्षी परियोजना को अगले पांच वर्षों में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके पूरा होने से शहर में यातायात का दबाव कम होगा और आम यात्रियों को तेज, सुरक्षित और सुगम परिवहन सुविधा मिलेगी।

सेकेंड फेज में प्रस्तावित मेट्रो स्टेशन

सेकेंड फेज के अंतर्गत प्रस्तावित स्टेशनों में भूमिगत स्टेशन: चारबाग, गौतमबुद्धनगर, अमीनाबाद, पांडेगंज, सिटी रेलवे स्टेशन, मेडिकल चौराहा और चौक तो वहीं  एलिवेटेड स्टेशन: ठाकुरगंज, बालागंज, सरफराजगंज, मूसाबाग और बसंतकुंज शामिल हैं।

शहर के विकास को मिलेगा नया आयाम

लखनऊ मेट्रो के इस विस्तार से न केवल पुराने और घनी आबादी वाले इलाकों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी, बल्कि पश्चिमी लखनऊ के विकास को भी नई दिशा मिलेगी। सेकेंड फेज के शुरू होने से रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और राजधानी लखनऊ की शहरी परिवहन व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी।

Exit mobile version