Holi 2026 Preparation: कृष्ण नगरी मथुरा में होली उत्सव की रौनक अब चरम पर पहुंचने लगी है। होली से पहले ही श्रद्धालुओं और पर्यटकों का आगमन तेज हो गया है। इसी कड़ी में आज बरसाना में विश्व प्रसिद्ध लड्डू मार होली का आयोजन किया जाएगा, जिसे देखने के लिए देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। बरसाना की लड्डू मार होली ब्रज की परंपराओं में एक विशेष स्थान रखती है। इस अनोखे उत्सव में राधा रानी के मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र में श्रद्धालु भक्ति और उल्लास के रंग में सराबोर नजर आते हैं। भीड़ और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिस व जिला प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए हैं।
करीब 25 लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान
प्रशासन के अनुसार इस बार लड्डू मार होली और उससे जुड़े अन्य आयोजनों में करीब 25 लाख से अधिक श्रद्धालुओं के आने की संभावना है। इसी वजह से किसी भी तरह की अव्यवस्था से बचने के लिए ट्रैफिक, पार्किंग, सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन को लेकर विशेष योजना बनाई गई है।
होली उत्सव को लेकर प्रशासन की बड़ी तैयारी
बरसाना में श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए 24 से 26 फरवरी तक रूट डायवर्जन प्लान लागू किया गया है।
-
श्रद्धालुओं के वाहनों के लिए शहर के बाहर पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
-
निजी और व्यावसायिक वाहनों को तय पार्किंग में खड़ा कर आगे पैदल या शटल व्यवस्था से जाने की व्यवस्था रहेगी।
-
25 फरवरी को नंदगांव और 26 फरवरी की रात 8 बजे तक वृंदावन में भी रूट डायवर्जन लागू रहेगा।
ट्रैफिक पुलिस द्वारा जारी प्रमुख डायवर्जन प्लान
होली उत्सव के दौरान यातायात को सुचारू रखने के लिए पुलिस ने निम्नलिखित व्यवस्थाएं लागू की हैं-
-
गोवर्धन चौराहा एवं मंडी चौराहा से भूतेश्वर की ओर जाने वाला मार्ग बंद रहेगा।
-
रोडवेज बसें मालगोदाम रोड से होकर संचालित होंगी, जबकि भूतेश्वर तिराहा और मसानी तिराहा पर वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी।
-
छाता से बरसाना जाने वाले भारी वाणिज्यिक वाहन प्रतिबंधित रहेंगे।
-
नंदगांव-कोसी से बरसाना की ओर आने वाले वाहनों को बरसाना में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।
-
गोवर्धन से बरसाना जाने वाले वाहनों को नीम गांव तिराहा पर रोका जाएगा।
-
रोडवेज और नगर-निगम की बसें केवल जुनसुटी पार्किंग तक ही जा सकेंगी।
-
कोसी-बरसाना-गोवर्धन मार्ग से आने वाले वाहनों को छाता की ओर डायवर्ट किया गया है।
-
नंदगांव क्षेत्र में राणा प्याऊ तिराहा, जिंदल तिराहा, कामां-भरतपुर मार्ग और छाता हाईवे से नंदगांव जाने वाले वाहनों पर भी प्रतिबंध रहेगा।
श्रद्धालुओं से प्रशासन की अपील
पुलिस प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे तय डायवर्जन प्लान और पार्किंग व्यवस्था का पालन करें, अनावश्यक रूप से निजी वाहनों का उपयोग न करें और प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का सहयोग करें, ताकि सभी लोग सुरक्षित और सुगम रूप से लड्डू मार होली के आनंद का अनुभव कर सकें।

