Site icon UP की बात

गढ़मुक्तेश्वर में उमड़ा आस्था का सैलाब, 40 लाख श्रद्धालुओं ने किया गंगा स्नान

गढ़मुक्तेश्वर में उमड़ा आस्था का सैलाब

गढ़मुक्तेश्वर में उमड़ा आस्था का सैलाब

Uttar Pradesh News: कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर उत्तर प्रदेश के प्रमुख धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। गढ़मुक्तेश्वर से लेकर अयोध्या, मऊ के दोहरीघाट और मिर्जापुर के विंध्याचल तक गंगा और सरयू के घाटों पर आस्था का सैलाब देखने को मिला। जिसमें लाखों श्रद्धालुओं ने पवित्र नदियों में स्नान कर पूजा-अर्चना की और दान-पुण्य किया। सबसे अधिक भीड़ गढ़मुक्तेश्वर के गंगा खादर मेले में देखने को मिली, जहां मंगलवार दोपहर तक 40 लाख से ज्यादा श्रद्धालुओं के गंगा स्नान करने का अनुमान है।

गढ़मुक्तेश्वर में 40 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किया स्नान

गढ़मुक्तेश्वर में कार्तिक पूर्णिमा गंगा स्नान मेले के मुख्य स्नान पर्व को लेकर सोमवार से ही श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया था। दिल्ली, राजस्थान, हरियाणा समेत उत्तर प्रदेश के कई जिलों से लाखों लोग गंगा खादर मेले में पहुंचे। सोमवार शाम चतुर्दशी के अवसर पर श्रद्धालुओं ने अपने दिवंगत परिजनों की आत्मा की शांति के लिए गंगा में दीपदान किया।

बता दें रात 12 बजे के बाद मुख्य स्नान शुरू हुआ। पुण्य की डुबकी लगाने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ घाटों की ओर बढ़ने लगी। वहीं, आज मंगलवार दोपहर तक 40 लाख से ज्यादा लोगों के गंगा स्नान करने की जानकारी सामने आई। मेले की ओर जाने वाले रास्तों पर वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं। लगातार श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा।

अयोध्या और दोहरीघाट में सरयू स्नान के लिए उमड़ी भीड़

कार्तिक पूर्णिमा पर अयोध्या में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। भक्तों ने सरयू नदी में पवित्र स्नान किया और इसके बाद हनुमानगढ़ी मंदिर में दर्शन-पूजन किया। वहीं, मऊ के दोहरीघाट में मंगलवार सुबह चार बजे से ही सरयू स्नान शुरू हो गया। सुबह 10 बजे तक 50 हजार से अधिक श्रद्धालु स्नान कर चुके थे। रामघाट, गौरीशंकर घाट और मुक्तिधाम के आसपास भारी भीड़ रही। स्नान के बाद लोगों ने पूजा-अर्चना, दान और गौदान किया। महिलाओं ने मंगलगीत गाते हुए नावों से नदी की मध्य धारा में पहुंचकर मां सरयू को सेहरा चढ़ाया।

विंध्याचल में मां विंध्यवासिनी के दर्शन को पहुंचे भक्त

मिर्जापुर के विंध्याचल में भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही। गंगा स्नान और दान के बाद भक्त मां विंध्यवासिनी के दर्शन के लिए मंदिर पहुंचे। हाथों में फूल-माला, नारियल और चुनरी लेकर श्रद्धालु कतारों में खड़े रहे। मंदिर परिसर और विंध्य कॉरिडोर में सुरक्षा के लिए पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई।

कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर प्रदेश के अलग-अलग धार्मिक स्थलों पर उमड़ी भीड़ ने एक बार फिर लोगों की गहरी धार्मिक आस्था और परंपराओं को दर्शाया।

ये भी पढ़ें: सीएम योगी ने लाचित बरफुकन की जयंती पर दी श्रद्धांजलि

 

Exit mobile version