Site icon UP की बात

Kanpur News: रेलवे कैंटीनों को सप्लाई होने वाले समोसे की फैक्ट्रियों पर छापा

कानपुर। रेलवे कैंटीनों, स्टालों और ट्रेनों में सप्लाई किए जा रहे समोसों की गुणवत्ता को लेकर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी धर्मेन्द्र कुमार द्विवेदी के नेतृत्व में विभागीय टीम ने रेल बाजार क्षेत्र में संचालित तीन समोसा निर्माण इकाइयों पर छापेमारी की।जांच के दौरान फैक्ट्रियों में बेहद गंदगी और अस्वच्छ परिस्थितियों में खाद्य सामग्री तैयार होती मिली। कार्रवाई के दौरान टीम ने मौके पर 1.50 कुंतल सड़ा आलू और 3200 से अधिक तैयार व बिना तले समोसे नष्ट कराए। इसके अलावा 2384 किलो मैदा सीज किया गया और एक फैक्ट्री को सील कर दिया गया।

पहली फैक्ट्री से सड़ा आलू और समोसे नष्ट

निर्मल कुमार मिश्रा की फैक्ट्री में निरीक्षण के दौरान टीम ने मिर्च पाउडर, हल्दी पाउडर और तैयार समोसे के तीन नमूने लिए। मौके पर करीब 1.50 कुंतल सड़ा हुआ आलू और 400 बिना तले समोसे पाए गए, जिन्हें टीम ने नष्ट कराया।

दूसरी फैक्ट्री में मालिक नदारद, लाइसेंस नहीं दिखा पाने पर सील

बंटू यादव की फैक्ट्री में निरीक्षण के दौरान मालिक मौके पर मौजूद नहीं था। कर्मचारी समोसे तैयार करते मिले। टीम द्वारा बुलाए जाने के बावजूद मालिक मौके पर नहीं पहुंचा।फैक्ट्री में अस्वच्छ परिस्थितियों में रखे 800 बिना तले समोसे और 5 किलो आलू मसाला नष्ट कराया गया। खाद्य लाइसेंस प्रस्तुत नहीं किए जाने पर विभाग ने प्रतिष्ठान को सील कर दिया।

तीसरी फैक्ट्री से 2384 किलो मैदा सीज

हाता नंबर-2, रेल बाजार स्थित मो. शोएब की फैक्ट्री से मैदा, रिफाइंड पामोलिन ऑयल और समोसा मसाला आलू के तीन नमूने लिए गए।निरीक्षण के दौरान करीब 2000 समोसे और 20 किलो तैयार आलू मसाला गंदगी में पड़ा मिला, जिसे नष्ट कराया गया। वहीं गोदाम में 48 बोरियों में रखे 2384 किलो मैदा को विभागीय टीम ने सीज कर दिया।

रेलवे कैंटीन और ट्रेनों में होती थी सप्लाई

खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, इन तीनों इकाइयों में तैयार होने वाले समोसे सेंट्रल स्टेशन की रेलवे कैंटीनों, स्टालों और ट्रेनों में सप्लाई किए जा रहे थे।छापेमारी के दौरान लिए गए सभी खाद्य नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया गया है। प्रयोगशाला रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद संबंधित इकाइयों के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

कार्रवाई में क्या मिला?
1.50 कुंतल सड़ा हुआ आलू नष्ट
3200 से अधिक तैयार और बिना तले समोसे नष्ट
2384 किलो मैदा सीज
एक समोसा निर्माण इकाई सील
खाद्य पदार्थों के 9 नमूने जांच के लिए भेजे गए
रेलवे कैंटीन, स्टाल और ट्रेनों में सप्लाई की जानकारी सामने आई

Exit mobile version