जालौन सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा ने नई दिल्ली पहुंचकर देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने जालौन जनपद के पूर्व सैनिकों और सैनिक परिवारों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं एवं सुविधाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की और समाधान के लिए मांग पत्र सौंपा।
विधायक गौरीशंकर वर्मा ने जनपद में पूर्व सैनिकों के लिए बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने हेतु ईसीएचएस पॉलिक्लिनिक के लिए भूमि आवंटन की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि जिले में बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक और उनके परिवार रहते हैं, जिन्हें इलाज और स्वास्थ्य सेवाओं के लिए काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में ईसीएचएस पॉलिक्लिनिक की स्थापना से उन्हें स्थानीय स्तर पर बेहतर चिकित्सा सुविधा मिल सकेगी।
इसके अलावा उन्होंने सैनिकों और उनके परिजनों की प्रशासनिक समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए स्पर्श सेल की स्थापना का भी प्रस्ताव रखा। विधायक ने कहा कि कई बार पेंशन और अन्य सुविधाओं से जुड़ी प्रक्रियाओं में देरी होती है, जिससे पूर्व सैनिकों को कठिनाई उठानी पड़ती है।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने विधायक द्वारा उठाए गए सभी मुद्दों को गंभीरता से सुना और सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों के कल्याण के लिए लगातार कार्य कर रही है और जनप्रतिनिधियों द्वारा दिए गए सुझावों पर प्राथमिकता के आधार पर विचार किया जाएगा।
मुलाकात के बाद विधायक गौरीशंकर वर्मा ने कहा कि सैनिकों और जनहित से जुड़े मुद्दों को लेकर उनका प्रयास लगातार जारी रहेगा और क्षेत्र की समस्याओं के समाधान के लिए वे शासन स्तर पर आवाज उठाते रहेंगे।

