गोरखपुर: उत्तर प्रदेश सरकार के जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह 28 और 29 जुलाई को गोरखपुर दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह जनपद की बाढ़ परियोजनाओं की समीक्षा करेंगे और विभिन्न स्थानीय कार्यक्रमों में भी शामिल होंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, मंत्री 28 जुलाई को शाम 5:00 बजे लखनऊ से पूर्वांचल एक्सप्रेसवे और गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे के रास्ते सड़क मार्ग से रवाना होंगे। रात्रि 9:00 बजे उनके गोरखपुर स्थित सर्किट हाउस पहुंचने का कार्यक्रम है, जहां वह रात्रि विश्राम करेंगे।
29 जुलाई को सुबह 10:00 बजे सर्किट हाउस में सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग द्वारा आयोजित बैठक में जनपद की बाढ़ परियोजनाओं की समीक्षा की जाएगी। बैठक में बाढ़ सुरक्षा कार्यों, निर्माणाधीन परियोजनाओं और संबंधित व्यवस्थाओं की प्रगति पर चर्चा होगी।
इसके बाद सुबह 11:00 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक जल शक्ति मंत्री विभिन्न स्थानीय कार्यक्रमों में भाग लेंगे। कार्यक्रमों के समापन के बाद दोपहर 2:00 बजे वह गोरखपुर से लखनऊ के लिए प्रस्थान करेंगे और शाम 6:00 बजे अपने शासकीय आवास पहुंचेंगे।

