बिजनौर: 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में जनपद बिजनौर में योग सप्ताह का शुभारंभ उत्साह और सहभागिता के साथ किया गया। जिला मुख्यालय पर आयोजित कार्यक्रम का उद्घाटन जिलाधिकारी जसजीत कौर एवं जिला पंचायत अध्यक्ष साकेंद्र प्रताप सिंह ने फीता काटकर किया।
योग सप्ताह के प्रथम दिन जनपद की सभी तहसीलों, विकास खंडों और ग्राम पंचायतों में एक साथ योग कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अधिकारियों, कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों ने भाग लेकर योगाभ्यास किया।
ad
योगाचार्य प्रशांत महर्षि ने उपस्थित लोगों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान की विधियों का अभ्यास कराया। उन्होंने योग के शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक लाभों की जानकारी देते हुए लोगों को नियमित रूप से योग करने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी जसजीत कौर ने कहा कि योग भारत की प्राचीन सांस्कृतिक धरोहर है, जो स्वस्थ जीवन का आधार है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाएं, जिससे स्वस्थ और तनावमुक्त जीवन जीया जा सके।
जिला पंचायत अध्यक्ष साकेंद्र प्रताप सिंह ने भी योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं बल्कि जीवन जीने की एक सकारात्मक पद्धति है, जो व्यक्ति को शारीरिक और मानसिक रूप से सशक्त बनाती है।
जनपद की तहसील सदर सहित विभिन्न ब्लॉकों और ग्राम पंचायतों में आयोजित योग कार्यक्रमों में लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रशासन द्वारा योग सप्ताह के दौरान विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम और सामूहिक योगाभ्यास सत्र आयोजित किए जाएंगे।
कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों ने कहा कि योग दिवस सप्ताह का उद्देश्य आमजन को योग के प्रति जागरूक करना और स्वस्थ समाज के निर्माण में उसकी भूमिका को बढ़ावा देना है।
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के तहत पूरे सप्ताह जनपद में योग से संबंधित विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी, जिनके माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को योग से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
