Site icon UP की बात

Banda : बाल श्रम विरोधी सघन अभियान, बाल श्रम करते पाए गए 4 नाबालिक बच्चे

बाँदा : पुलिस अधीक्षक जनपद बाँदा पलास बंसल के निर्देशन में एंटी ह्यूमेन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU), विशेष किशोर पुलिस इकाई (SJPU), श्रम विभाग और ग्रामीण परंपरा विकास संस्थान की संयुक्त टीम ने आज 8 अक्टूबर 2025 को शहर क्षेत्र में बाल श्रम के खिलाफ सघन चेकिंग एवं जागरूकता अभियान चलाया। अभियान का उद्देश्य बाल श्रम को रोकना, बच्चों के अधिकारों की रक्षा करना और व्यवसायियों को इस विषय में सतर्क करना था।

अभियान के दौरान पीली कोठी, माहेश्वरी मार्केट, बलखंडी नाका सहित विभिन्न व्यस्त क्षेत्रों में दुकानों, होटलों, रेस्टोरेंट और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की चेकिंग की गई। निरीक्षण के दौरान चार नाबालिक बच्चों को बाल श्रम करते हुए पाया गया। सभी बच्चे गैर-खतरनाक श्रेणी के थे। संबंधित दुकान और होटल मालिकों के खिलाफ श्रम विभाग द्वारा नोटिस और चालान जारी किया गया।

साथ ही, अभियान के दौरान आसपास के दुकानदारों और व्यवसायियों को बाल श्रम न कराने के लिए जागरूक किया गया और उन्हें चेतावनी दी गई कि भविष्य में यदि कोई बालक श्रम करता पाया गया तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। यह अभियान समाज में बच्चों के अधिकारों के प्रति संवेदनशीलता बढ़ाने और स्थानीय व्यवसायियों को कानूनी जिम्मेदारी के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से आयोजित किया गया।

इस अभियान में श्रम अधिकारी बाँदा दुष्यंत कुमार, AHTU से उप निरीक्षक अनिल कुमार उपाध्याय, आरक्षी प्रशांत यादव, SJPU से उप निरीक्षक नीतू सिंह, महिला आरक्षी स्वेतलाना मौर्य और ग्रामीण विकास परंपरा संस्थान से शिवम यादव सक्रिय रूप से शामिल रहे। अभियान के माध्यम से न केवल बाल श्रम में कमी लाने का प्रयास किया गया, बल्कि बच्चों और उनके परिवारों को उनके अधिकारों और सामाजिक सुरक्षा के बारे में भी जानकारी दी गई।

यह पहल जिले में बाल श्रम मुक्त वातावरण बनाने और कानूनी अनुपालन सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

Exit mobile version