वाराणसी: उत्तर प्रदेश पुलिस के वरिष्ठ IPS अधिकारी और वाराणसी के पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल को भारतीय प्रबंधन संस्थान (IIM) मुंबई द्वारा प्रतिष्ठित Distinguished Alumni Award से सम्मानित किया गया है। उन्हें यह सम्मान जनसेवा, उत्कृष्ट व्यावसायिक दक्षता, प्रभावी पुलिस नेतृत्व और राष्ट्र निर्माण में उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रदान किया गया।
IIM मुंबई में आयोजित भव्य समारोह में उन्हें यह प्रतिष्ठित सम्मान दिया गया। उल्लेखनीय है कि मोहित अग्रवाल इसी संस्थान के पूर्व छात्र हैं। यह संस्थान पहले नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ इंडस्ट्रियल इंजीनियरिंग (NITIE) के नाम से जाना जाता था।
1997 बैच के IPS अधिकारी हैं मोहित अग्रवाल
मोहित अग्रवाल भारतीय पुलिस सेवा के 1997 बैच के वरिष्ठ अधिकारी हैं। लगभग तीन दशकों की सेवा के दौरान उन्होंने उत्तर प्रदेश के 15 जनपदों में पुलिस प्रमुख के रूप में जिम्मेदारी निभाई है। कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, जनसुरक्षा और पुलिस प्रशासन में उनके कार्यों की विशेष पहचान रही है।
संयुक्त राष्ट्र में भी दे चुके हैं सेवाएं
वर्ष 2005-2006 के दौरान उन्होंने संयुक्त राष्ट्र में एक वर्ष तक सेवाएं दीं। इस दौरान उन्हें अंतरराष्ट्रीय पुलिसिंग और सुरक्षा व्यवस्था का अनुभव प्राप्त हुआ।
ATS प्रमुख रहते हुए आतंकी मॉड्यूल का किया पर्दाफाश
वर्ष 2023-2024 में उत्तर प्रदेश एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड (ATS) के प्रमुख के रूप में उन्होंने महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाई। उनके नेतृत्व में ATS ने ISIS से जुड़े एक आतंकी मॉड्यूल का पर्दाफाश किया, जिससे प्रदेश की आंतरिक सुरक्षा को मजबूत करने में अहम सफलता मिली।
कुंभ मेले के सफल आयोजन में निभाई अहम भूमिका
प्रयागराज में आयोजित वर्ष 2013 और 2019 के कुंभ मेले में भी मोहित अग्रवाल का योगदान उल्लेखनीय रहा। 2013 में SSP और 2019 में IG के रूप में उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
ऑपरेशन मासूम से बचाई 23 बच्चों की जान
उनके सेवाकाल का एक महत्वपूर्ण अभियान फर्रुखाबाद का ऑपरेशन मासूम रहा। इस दौरान एक अपराधी ने 23 बच्चों को बंधक बना लिया था। मोहित अग्रवाल के नेतृत्व में चलाए गए पुलिस अभियान के परिणामस्वरूप सभी बच्चों को सकुशल मुक्त कराया गया। इस साहसिक अभियान के लिए उन्हें राष्ट्रपति का पुलिस वीरता पदक प्रदान किया गया।
बिकरू कांड और पुलिस आधुनिकीकरण में भी योगदान
कानपुर के चर्चित विकास दुबे-बिकरू कांड से जुड़े अपराधियों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही। इसके अलावा उत्तर प्रदेश पुलिस के कम्प्यूटरीकरण, तकनीकी विकास और आधुनिकीकरण की दिशा में भी उन्होंने योगदान दिया।
कई प्रतिष्ठित राष्ट्रीय पुरस्कारों से हो चुके हैं सम्मानित
मोहित अग्रवाल को राष्ट्रपति का पुलिस वीरता पदक, राष्ट्रपति का विशिष्ट सेवा पुलिस पदक, राष्ट्रपति का सराहनीय सेवा पुलिस पदक और केंद्रीय गृह मंत्री का अति उत्कृष्ट सेवा पदक सहित कई प्रतिष्ठित सम्मान मिल चुके हैं।
IIM मुंबई द्वारा मिला Distinguished Alumni Award उनकी लगभग तीन दशकों की समर्पित राष्ट्रसेवा, नेतृत्व क्षमता और जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता का सम्मान है। यह उपलब्धि उत्तर प्रदेश पुलिस के साथ-साथ उनके शिक्षण संस्थान के लिए भी गौरव का विषय है।

