सिंगापुर में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बीच पहुंचते ही प्रवासी भारतीय समुदाय में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम स्थल तालियों की गड़गड़ाहट और “योगी हैं तो यूपी है” के नारों से गूंज उठा। मुख्यमंत्री के संबोधन के दौरान पूरे वातावरण में ऊर्जा और भावनात्मक जुड़ाव साफ झलकता रहा।
महिलाओं की ओर से ‘भैया’, सुरक्षा पर भावुक संदेश
कार्यक्रम के दौरान सिंगापुर में रह रहीं भारतीय मूल की स्वाति ने स्वयं को उत्तर प्रदेश और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की बहन बताते हुए भावुक संबोधन किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का संस्कृत में भाषण सुनकर वह गहराई से प्रेरित हुईं। स्वाति ने कहा, “जब संत सियासत में आता है, तो सियासत इबादत बन जाती है। मैं उत्तर प्रदेश की साढ़े 11 करोड़ महिलाओं की ओर से मुख्यमंत्री को ‘भैया’ कहती हूं, क्योंकि आज यूपी में महिलाओं को सुरक्षा का भरोसा मिला है। अब महिलाएं रात में भी निडर होकर बाहर निकल सकती हैं और अपराधियों में कानून का भय है।”
कानून-व्यवस्था की सराहना, संस्कृत में नारा
स्वाति ने मुख्यमंत्री के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश की कानून-व्यवस्था की प्रशंसा करते हुए जोरदार नारा दिया-“योगी हैं तो यूपी है।” उन्होंने संस्कृत में कहा, “योगी नेतृत्वे प्रदेशः भवति सुरक्षितं शुभम्”, जिसने पूरे सभागार को भावविभोर कर दिया। यह संवाद प्रवासी भारतीयों और उत्तर प्रदेश सरकार के बीच गहराते विश्वास और सांस्कृतिक जुड़ाव का प्रतीक बनकर उभरा।
बच्ची के स्केच पर ऑटोग्राफ, राखी बांधकर जताया स्नेह
कार्यक्रम के दौरान एक बच्ची मुख्यमंत्री का स्केच बनाकर मंच तक पहुंची। सीएम योगी ने उस स्केच पर अपना ऑटोग्राफ देकर बच्ची का उत्साह बढ़ाया, जिससे उसके चेहरे पर खुशी झलक उठी। वहीं एक महिला ने मुख्यमंत्री की कलाई पर रक्षा सूत्र (राखी) बांधकर स्नेह और सम्मान व्यक्त किया।
GIIS के विद्यार्थियों की गणपति वंदना, सीएम ने की मुक्तकंठ से सराहना
इस अवसर पर सिंगापुर के Global Indian International School के विद्यार्थियों ने गणपति वंदना पर मनोहारी नृत्य प्रस्तुति दी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बच्चों की कला और प्रस्तुति की मुक्तकंठ से सराहना की। स्कूल के संस्थापक ने कहा कि मुख्यमंत्री में उन्हें भारत के पहले प्रधानमंत्री और सिंगापुर के संस्थापक ली क्वान यू की झलक दिखाई देती है।
भारतीय संस्कृति को जीवंत रखने का संदेश
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि बच्चों ने गणपति वंदना के माध्यम से भारत की शास्त्रीय परंपरा को अत्यंत सुंदर ढंग से प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि आज के समय में, जब पाश्चात्य संस्कृति को अपनाने की होड़ है, ऐसे में भारत से हजारों किलोमीटर दूर सिंगापुर में रहकर भी भारतीय समुदाय अपने आध्यात्मिक और सांस्कृतिक मूल्यों को जीवंत बनाए हुए है और उन्हें मजबूती से आगे बढ़ा रहा है।

