Site icon UP की बात

कासगंज गुरुद्वारे में उमड़ी भीड़, धूमधाम से मना प्रकाश पर्व

कासगंज गुरुद्वारे में उमड़ी भीड़

कासगंज गुरुद्वारे में उमड़ी भीड़

Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश के कासगंज जिले में आज मंगलवार को सिख धर्म के संस्थापक श्री गुरु नानक देव जी का 557वां प्रकाश पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर शहर के गुरुद्वारे में विशेष धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। सुबह से ही गुरुद्वारे में श्रद्धालुओं की भीड़ जुटनी शुरू हो गई। सिख समाज के लोगों ने गुरु दरबार में मत्था टेककर परिवार की सुख-समृद्धि और समाज में शांति की कामना की है।

48 घंटे तक हुआ अखंड पाठ साहिब

प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में गुरुद्वारे में गुरु ग्रंथ साहिब का लगातार 48 घंटे तक अखंड पाठ किया गया। निर्धारित समय पर पाठ की समाप्ति के बाद श्रद्धालुओं ने अरदास की। इस दौरान गुरबाणी और शबद-कीर्तन के माध्यम से गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं का गुणगान किया गया। पूरा गुरुद्वारा भक्ति और आध्यात्मिक वातावरण में सराबोर नजर आया। श्रद्धालुओं ने गुरु साहिब के समक्ष शीश नवाकर उनका आशीर्वाद लिया। धार्मिक कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में सिख समाज के लोगों के साथ अन्य समुदायों के श्रद्धालुओं ने भी हिस्सा लिया।

गुरु के लंगर में उमड़े श्रद्धालु

प्रकाश पर्व के अवसर पर गुरुद्वारे में गुरु का अटूट लंगर आयोजित किया गया। इसमें सभी धर्मों के लोगों ने एक साथ बैठकर प्रसाद ग्रहण किया। श्रद्धालुओं ने सेवा भाव से लंगर वितरण और अन्य व्यवस्थाओं में सहयोग किया। इस आयोजन ने आपसी भाईचारे और सामाजिक एकता का संदेश दिया।

गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं को किया याद

बता दें इस खास अवसर पर लोगों ने गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं को याद करते हुए प्रेम, समानता, ईमानदारी, भाईचारे और मानव सेवा का संदेश दिया। श्रद्धालुओं ने उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।

गुरुद्वारा प्रबंधक महेंद्र सिंह ने बताया कि प्रकाश पर्व को लेकर विशेष तैयारियां की गई थीं। पूरे दिन धार्मिक कार्यक्रमों में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रकाश पर्व के आयोजन से कासगंज के गुरुद्वारे में दिनभर भक्ति और उल्लास का माहौल बना रहा।

ये भी पढ़ें: यमुना एक्सप्रेसवे पर घटेगी रफ्तार, 25 नवंबर से नए नियम हुए लागू

 

Exit mobile version