अलीगढ़। भारतीय नौसेना के मरीन कमांडो एवं शौर्य चक्र विजेता राम गोयल के अपने पैतृक गांव बेसवां पहुंचने पर ग्रामीणों ने उनका भव्य स्वागत किया। फूल-मालाओं, ढोल-नगाड़ों और आतिशबाजी के साथ वीर सपूत का अभिनंदन किया गया। शौर्य चक्र सम्मान मिलने के बाद पहली बार गांव पहुंचे राम गोयल को देखने और बधाई देने के लिए बड़ी संख्या में लोग उमड़ पड़े।
इगलास तहसील के कस्बा बेसवां निवासी एवं व्यापारी विजय गोयल के पुत्र राम गोयल को भारतीय नौसेना में अदम्य साहस, पराक्रम और कर्तव्यनिष्ठा के लिए देश के प्रतिष्ठित वीरता सम्मान “शौर्य चक्र” से सम्मानित किया गया है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने नई दिल्ली में आयोजित रक्षा अलंकरण समारोह में उन्हें यह सम्मान प्रदान किया।
जानकारी के अनुसार 5 और 6 नवंबर 2024 को जम्मू-कश्मीर के चुंटावाड़ी गांव में चलाए गए एक संयुक्त घेराबंदी एवं तलाशी अभियान के दौरान राम गोयल ने असाधारण साहस और नेतृत्व क्षमता का परिचय दिया था। अभियान में एक A++ श्रेणी के विदेशी आतंकवादी को मार गिराया गया तथा बड़ी मात्रा में युद्ध सामग्री बरामद की गई। इसी वीरता और साहस के लिए उन्हें शौर्य चक्र से सम्मानित किया गया।
ad
राम गोयल के सम्मान से पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। गांव पहुंचते ही लोगों ने उनका जोरदार स्वागत किया और उन्हें देश का गौरव बताया। ग्रामीणों का कहना है कि राम गोयल ने न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे अलीगढ़ और देश का नाम रोशन किया है।
राम गोयल के पिता विजय गोयल ने कहा कि उनके चार पुत्र हैं, जिनमें दो भारतीय नौसेना में सेवा दे रहे हैं और दो परिवार के व्यवसाय में सहयोग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि बेटे को शौर्य चक्र मिलना पूरे परिवार के लिए गर्व का क्षण है और आज देशभर से लोग उन्हें बधाई दे रहे हैं।
माता विजलेश देवी ने भावुक होकर कहा कि बेटे को देश के लिए सम्मानित होते देख उन्हें बेहद खुशी और गर्व महसूस हो रहा है। उन्होंने कहा कि गांव और समाज के लोगों का प्यार उनके परिवार के लिए सबसे बड़ी खुशी है।
स्वयं राम गोयल ने कहा कि उन्होंने केवल देश के प्रति अपना कर्तव्य निभाया है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे जिस भी क्षेत्र में कार्य करें, देशहित को सर्वोपरि रखें। उन्होंने कहा कि युवाओं में देश सेवा की भावना होना सबसे बड़ी बात है।
वरिष्ठ समाजसेवी चौधरी राजवीर सिंह ने कहा कि राम गोयल ने जिस साहस के साथ दुश्मनों का सामना किया, वह पूरे देश के लिए प्रेरणा है। वहीं भाजपा के वरिष्ठ नेता विष्णु गोयल ने कहा कि राम गोयल जैसे वीर सपूत नई पीढ़ी के लिए आदर्श हैं और युवाओं को उनसे प्रेरणा लेकर राष्ट्र सेवा के मार्ग पर आगे बढ़ना चाहिए।
राम गोयल के सम्मान में आयोजित स्वागत समारोह पूरे क्षेत्र के लिए गर्व और उत्साह का विषय बना रहा। गांव के लोगों ने अपने वीर सपूत को सिर आंखों पर बैठाकर उनका अभिनंदन किया।

