Site icon UP की बात

राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने गुजरात प्रवास के दौरान बनास डेयरी का किया भ्रमण… कृषि, डेयरी व पशुपालन के क्षेत्र में यूपी के पाँच कृषि विश्वविद्यालयों से हुआ एमओयू

प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने अपने गुजरात प्रवास के दौरान 15 फरवरी 2026 को पालनपुर स्थित एशिया की प्रमुख दुग्ध उत्पादक सहकारी संस्था बनास डेयरी का भ्रमण किया। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के पाँच राज्य कृषि विश्वविद्यालयों और बनास डेयरी के मध्य डेयरी, पशुपालन, कृषि, प्रशिक्षण एवं शोध विषयों पर महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए।

सहकारिता मॉडल से किसानों को सशक्त बनाने पर मंथन

बनास डेयरी, पालनपुर के भ्रमण के दौरान राज्यपाल ने उत्तर प्रदेश के कृषि विश्वविद्यालयों के कुलपतियों और डेयरी प्रबंधन के साथ सहकारिता मॉडल के माध्यम से कृषि, डेयरी और पशुपालन क्षेत्रों में संभावित साझेदारी पर विस्तृत चर्चा की। बैठक में प्रशिक्षण, शोध और तकनीकी आदान-प्रदान को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया। राज्यपाल ने कहा कि बनास डेयरी का सफल सहकारी मॉडल उत्तर प्रदेश के किसानों और पशुपालकों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने में प्रेरणास्रोत बन सकता है।

पाँच विश्वविद्यालयों और बनास डेयरी के बीच एमओयू

राज्यपाल के सणादर स्थित बनास डेयरी प्लांट भ्रमण के दौरान जिन संस्थानों के बीच एमओयू हस्ताक्षरित हुए, उनमें शामिल हैं-

इन एमओयू के माध्यम से डेयरी, एनिमल हसबेंडरी, कृषि शिक्षा और अनुसंधान को नई दिशा देने का लक्ष्य रखा गया है।

चीज प्लांट और ‘टेक होम राशन’ योजना का अवलोकन

राज्यपाल ने बनास डेयरी परिसर स्थित चीज प्लांट का अवलोकन किया और बदरपुर फूड पार्क में संचालित ‘टेक होम राशन’ योजना की जानकारी प्राप्त की। उल्लेखनीय है कि इस योजना का शुभारंभ उनके गुजरात के मुख्यमंत्री कार्यकाल के दौरान हुआ था, जिसके अंतर्गत आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से बच्चों और महिलाओं को पौष्टिक आहार उपलब्ध कराया जाता है।

बायो-सीएनजी प्लांट और दूधेश्वर महादेव मंदिर दर्शन

इसके पश्चात राज्यपाल ने अगथला स्थित बायो-सीएनजी प्लांट का निरीक्षण किया, जहां किसानों से गोबर क्रय कर बायो-सीएनजी गैस के साथ-साथ जैविक ठोस एवं द्रव उर्वरक का निर्माण किया जाता है। यह उर्वरक यूरिया और डीएपी के प्रभावी विकल्प के रूप में किसानों के लिए उपयोगी सिद्ध हो सकता है। राज्यपाल ने बनास डेयरी परिसर स्थित दूधेश्वर महादेव मंदिर में दर्शन कर प्रदेश और देशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना भी की।

महिला कर्मियों से संवाद और एंब्रियो ट्रांसप्लांट लैब का निरीक्षण

भ्रमण के दौरान राज्यपाल ने पशुपालन और दुग्ध उत्पादन से जुड़ी लगभग 100 महिला कर्मियों से संवाद कर उनके कार्य, सुविधाओं और आर्थिक सशक्तिकरण से जुड़े पहलुओं पर जानकारी प्राप्त की। उन्होंने डेयरी के आइसक्रीम और चॉकलेट प्लांट का अवलोकन करने के साथ-साथ रैया स्थित एंब्रियो ट्रांसप्लांट लैब का भी निरीक्षण किया, जहां उन्नत तकनीक के माध्यम से उच्च नस्ल की दुधारू गायों के संवर्धन और दुग्ध उत्पादन क्षमता बढ़ाने की प्रक्रिया की जानकारी दी गई।

ये गणमान्य रहे उपस्थित

इस अवसर पर विशेष कार्याधिकारी, राज्यपाल (अपर मुख्य सचिव स्तर) डॉ. सुधीर महादेव बोबडे, बनासकंठा जिला सहकारी दुग्ध संघ पालनपुर के अध्यक्ष शंकर चौधरी, उत्तर प्रदेश के कृषि विश्वविद्यालयों के कुलपतिगण तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Exit mobile version