प्रदेश की राज्यपाल Anandiben Patel ने आज Dr. Ram Manohar Lohia Institute of Medical Sciences (आरएमएलआईएमएस), लखनऊ में मरीजों के तीमारदारों के लिए बनाए जाने वाले पेशेंट रिलेटिव अकोमोडेशन (पी.आर.ए.) / रैन बसेरा भवन के निर्माण कार्य का भूमि पूजन कर शिलान्यास किया। इसके साथ ही उन्होंने संस्थान के रेडियोलॉजी डायग्नोस्टिक ब्लॉक में सीटी स्कैन, अल्ट्रासाउंड और एक्स-रे जैसी अत्याधुनिक सुविधाओं का लोकार्पण भी किया। लोकार्पण के उपरांत राज्यपाल ने आधुनिक रेडियोलॉजी सुविधाओं का निरीक्षण किया और वहां उपलब्ध व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
दूर-दराज से आने वाले मरीजों के परिजनों के लिए उपयोगी होगा पी.आर.ए. भवन
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने कहा कि पी.आर.ए. भवन दूर-दराज से इलाज के लिए आने वाले मरीजों के परिजनों के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि भवन के उपयोग के लिए स्पष्ट और पारदर्शी नियम बनाए जाएं, ताकि गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों को प्राथमिकता के आधार पर सुविधा मिल सके। राज्यपाल ने स्वच्छता पर विशेष बल देते हुए कहा कि भवन और कक्षों को उपयोग के बाद उसी स्वच्छ स्थिति में छोड़ा जाना चाहिए, जैसी वे प्राप्त हुए थे।
अस्पताल परिसर में अनुशासन और स्वच्छता पर दिया जोर
राज्यपाल ने निर्देश दिए कि अस्पताल परिसर में बाहरी खाद्य पदार्थों के अनियंत्रित प्रवेश पर प्रभावी नियंत्रण रखा जाए और मरीजों के स्वास्थ्य हित में निर्धारित आहार व्यवस्था का कड़ाई से पालन हो। उन्होंने कहा कि स्वच्छता, अनुशासन और नियमों के पालन से मरीज शीघ्र स्वस्थ होकर अपने घर लौट सकते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि समाज सेवा की भावना से किया गया कार्य ही सच्चे अर्थों में ईश्वर को प्रसन्न करता है और संस्थान प्रशासन, चिकित्सक एवं कर्मचारी इसी समर्पण भाव से कार्य करते रहें।
‘गर्भ संस्कार’ केंद्र स्थापित करने का सुझाव
राज्यपाल ने गर्भवती महिलाओं के समुचित मार्गदर्शन के लिए संस्थान में ‘गर्भ संस्कार’ से संबंधित एक समर्पित केंद्र स्थापित करने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि गर्भावस्था के दौरान मां का आहार, विचार, व्यवहार और परिवेश गर्भस्थ शिशु को प्रभावित करता है, इसलिए महिलाओं को संतुलित आहार, सकारात्मक सोच और स्वस्थ जीवनशैली के बारे में परामर्श व जानकारी उपलब्ध कराई जानी चाहिए।
होली पर प्राकृतिक रंगों के उपयोग की अपील
राज्यपाल ने चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ, अधिकारियों तथा उपस्थित माताओं और बच्चों को होली पर्व की अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए कहा कि रासायनिक रंग त्वचा संबंधी समस्याएं पैदा कर सकते हैं। इसलिए प्राकृतिक रंगों का उपयोग किया जाए और विशेष रूप से बच्चों को हानिकारक रंगों से दूर रखा जाए।
उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने बताया स्वास्थ्य सेवाओं के लिए अहम कदम
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री Brajesh Pathak ने कहा कि पी.आर.ए. भवन का भूमि पूजन और अत्याधुनिक डायग्नोस्टिक सेंटर का लोकार्पण प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान ने स्थापना काल से अब तक चिकित्सा, शोध और रोगी सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं और प्रदेश के साथ-साथ देश में भी अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है।
कई गणमान्य लोग रहे उपस्थित
इस अवसर पर चिकित्सा एवं स्वास्थ्य राज्यमंत्री (उ.प्र.) मयंकेश्वर शरण सिंह, चिकित्सा विभाग के अधिकारी, संस्थान के वरिष्ठ अधिकारी, चिकित्सक, नर्सिंग स्टाफ और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

