Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले के कुंडा में आयोजित श्रीराम कथा (Kunda Ram Katha) इन दिनों चर्चा का विषय बनी हुई है। इस धार्मिक आयोजन में देश के अलग-अलग हिस्सों से श्रद्धालु और कई खास हस्तियां पहुंच रही हैं, लेकिन इस बार सबसे ज्यादा चर्चा बिहार से आए गोल्डन मैन (Golden Man) प्रेम कुमार सिंह की हो रही है। वह करीब 6 किलो 300 ग्राम सोना पहनकर कथा स्थल पर पहुंचे। उनके अनोखे अंदाज को देखकर वहां मौजूद लोग हैरान रह गए। प्रेम कुमार ने इस दौरान जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के अध्यक्ष और कुंडा विधायक राजा भैया से भी मुलाकात की।
6 किलो से ज्यादा सोना पहनकर पहुंचे प्रेम कुमार
दरसअल, राजा भैया की ओर से आयोजित इस श्रीराम कथा में प्रेम कुमार सिंह आकर्षण का केंद्र बन गए। बता दें उनके गले में मोटी-मोटी सोने की चेन, हाथों में भारी कड़े और उंगलियों में सोने की अंगूठियां नजर आईं। सिर से लेकर पैर तक सोने के गहनों से सजे प्रेम कुमार को देखने के लिए लोगों की भीड़ जुट गई।
कथा स्थल पर मौजूद लोग उनके साथ सेल्फी लेने और वीडियो बनाने लगे। प्रेम कुमार ने मीडिया से बातचीत में बताया कि वह बिहार के भोजपुर जिले से आए हैं। उन्होंने कहा कि वह करीब 6 किलो 300 ग्राम सोना पहनते हैं, जिसकी कीमत 10 करोड़ रुपये से अधिक बताई जाती है। उन्होंने यह भी कहा कि श्रीराम कथा के आयोजनों से सनातन संस्कृति का लगातार प्रचार-प्रसार हो रहा है।
कौन हैं बिहार के गोल्डन मैन प्रेम कुमार सिंह?
प्रेम कुमार सिंह बिहार के भोजपुर जिले के रहने वाले हैं। जिसमें उन्हें गोल्डमैन ऑफ बिहार (Goldman of Bihar) के नाम से पहचाना जाता है। पेशे से किसान प्रेम कुमार को सोने के गहनों का खास शौक है। वह अक्सर सार्वजनिक कार्यक्रमों और धार्मिक आयोजनों में भारी मात्रा में सोना पहनकर पहुंचते हैं। उनके इस अनोखे शौक की वजह से जहां भी वह जाते हैं, लोगों के बीच चर्चा शुरू हो जाती है। कुंडा की रामकथा में भी उनका अंदाज लोगों के आकर्षण का केंद्र बना रहा।
24 कैरेट गोल्ड वाली बुलेट भी है खास
प्रेम कुमार सिंह के पास एक खास गोल्डन बुलेट मोटरसाइकिल (Golden Bullet Motorcycle) भी है। बताया जाता है कि इस बाइक पर 24 कैरेट सोने की परत चढ़ाई गई है। सुनहरे रंग की यह बाइक भी लोगों का ध्यान खींचती है। कुल मिलाकर कुंडा में आयोजित श्रीराम कथा में प्रेम कुमार सिंह की मौजूदगी चर्चा का विषय बन गई। राजा भैया से मुलाकात और उनके अनोखे गोल्डन अंदाज के वीडियो अब सोशल मीडिया पर भी लोगों का ध्यान खींच रहे हैं।
ये भी पढ़ें: फिरोजाबाद घंटाघर की जमीन पर कब्जा, नगर निगम हुआ सख्त

