Uttar Pradesh IAS Transfer: उत्तर प्रदेश में प्रशासनिक फेरबदल के बाद सिद्धार्थनगर जिले को नया जिलाधिकारी मिल गया है। 2017 बैच के आईएएस अधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने सोमवार को जिले के 46वें जिलाधिकारी के रूप में कार्यभार संभाल लिया। जिसमें उन्होंने सिद्धार्थनगर कोषागार कार्यालय के डबल लॉक में पहुंचकर विधिवत पदभार ग्रहण किया। इससे पहले वह महराजगंज के जिलाधिकारी की जिम्मेदारी निभा रहे थे।
गोरखपुर से शुरू हुआ प्रशासनिक सफर
जानकारी के लिए बता दें गौरव सिंह सोगरवाल का प्रशासनिक सफर गोरखपुर से शुरू हुआ था। उन्होंने यहां ज्वाइंट मजिस्ट्रेट और एसडीएम सदर के रूप में काम किया। इसके बाद उन्हें महराजगंज में मुख्य विकास अधिकारी (CDO) बनाया गया। फिर वह गोरखपुर नगर निगम में नगर आयुक्त के पद पर तैनात हुए। नगर आयुक्त के रूप में कार्य करने के बाद उन्हें महराजगंज का जिलाधिकारी बनाया गया। अब शासन ने उन्हें सिद्धार्थनगर की कमान सौंपी है।
सरकारी जमीनों को कब्जामुक्त कराने से मिली पहचान
गौरव सिंह सोगरवाल अपनी सक्रिय कार्यशैली और सरकारी जमीनों से अवैध कब्जे हटाने के अभियानों को लेकर चर्चा में रहे हैं। गोरखपुर में एसडीएम सदर रहते हुए उन्होंने सरकारी संपत्तियों को अतिक्रमण से मुक्त कराने के लिए विशेष अभियान चलाया था। वहीं, इस दौरान शहरी क्षेत्र में करीब 80 एकड़ और ग्रामीण इलाकों में लगभग 350 एकड़ सरकारी जमीन को कब्जामुक्त कराया गया। ताल सुमेर सागर की करीब 12 एकड़ जमीन को अवैध कब्जे से मुक्त कराने की कार्रवाई भी उनके कार्यकाल की प्रमुख उपलब्धियों में शामिल रही।
इंजीनियरिंग की पढ़ाई के बाद बने IAS
राजस्थान के भरतपुर के रहने वाले गौरव सिंह सोगरवाल ने वर्ष 2015 में भारतीय विद्यापीठ, पुणे से इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग (Electrical Engineering) में बीई की डिग्री हासिल की। इसके बाद सिविल सेवा परीक्षा पास कर आईएएस अधिकारी बने।
सिद्धार्थनगर में नई चुनौतियां
नए जिलाधिकारी के सामने जिले में विकास योजनाओं को गति देना, राजस्व मामलों का निस्तारण, सरकारी जमीनों से अवैध कब्जे हटाना और जनशिकायतों का समाधान करना प्रमुख चुनौतियां होंगी। इसके अलावा शासन की योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाना भी उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा। गोरखपुर और महराजगंज में प्रशासनिक अनुभव के आधार पर जिले के लोगों को उनसे बेहतर प्रशासनिक व्यवस्था और विकास कार्यों में तेजी की उम्मीद है।
ये भी पढ़ें: खलीलाबाद में 18 नवंबर से श्रीराम कथा महोत्सव, स्वामी विष्णु दास करेंगे रामकथा की अमृतवर्षा

