Site icon UP की बात

गंगा महोत्सव में छात्रों की कलाकृतियों ने बिखेरे काशी की संस्कृति के रंग

गंगा महोत्सव में छात्रों की कलाकृतियों ने बिखेरे काशी की संस्कृति के रंग

गंगा महोत्सव में छात्रों की कलाकृतियों ने बिखेरे काशी की संस्कृति के रंग

Uttar Pradesh News: धर्म और आध्यात्म की नगरी काशी में आयोजित चार दिवसीय गंगा महोत्सव में इस बार कला और रचनात्मकता का अनूठा संगम देखने को मिल रहा है। दरसअल, नमो घाट पर आयोजित इस महोत्सव में सांस्कृतिक कार्यक्रमों  के साथ-साथ कई कलात्मक गतिविधियां भी आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। इसी कड़ी में कला के छात्रों ने अपनी चित्रकारी के जरिए काशी की प्राचीन विरासत और आधुनिक विकास की खूबसूरत तस्वीर पेश की है।

जानकारी के लिए बता दें महोत्सव के दौरान विद्यार्थियों ने अपनी कूची और रंगों के माध्यम से काशी की संस्कृति, परंपरा और बदलते स्वरूप को कैनवास पर उतारा। उनकी कलाकृतियों में प्राचीन काशी के घाट, मंदिर, गंगा आरती, संकरी गलियां और धार्मिक परंपराओं की जीवंत झलक देखने को मिली। वहीं, आधुनिक काशी के विकास और बदलती पहचान को भी छात्रों ने अपनी कल्पनाओं के रंगों से चित्रों में जगह दी।

प्राचीन विरासत से लेकर नई काशी तक को किया प्रदर्शित

छात्रों की चित्रकारी में काशी के सदियों पुराने इतिहास और वर्तमान में हो रहे बदलावों का सुंदर मेल दिखाई दिया। किसी ने गंगा घाटों की आध्यात्मिक छटा को उकेरा तो किसी ने मंदिरों और धार्मिक आयोजनों के जरिए शहर की सांस्कृतिक पहचान को दर्शाया। वहीं, कुछ विद्यार्थियों ने आधुनिक सुविधाओं, विकास कार्यों और बदलते शहरी स्वरूप को अपनी कलाकृतियों का विषय बनाया।

ऐसे में इन चित्रों के माध्यम से विद्यार्थियों ने यह बताने का प्रयास किया कि काशी केवल धर्म और आध्यात्म की नगरी नहीं है, बल्कि यह कला, संस्कृति, साहित्य और परंपराओं की भी समृद्ध धरोहर है। यहां प्राचीन विरासत आज भी जीवंत है और आधुनिकता के साथ कदमताल कर रही है।

कला के माध्यम से काशी की पहचान को दिया नया रूप

गंगा महोत्सव में छात्रों की इस रचनात्मक पहल ने आयोजन को एक अलग पहचान दी। उनकी कलाकृतियां न केवल दर्शकों का ध्यान आकर्षित कर रही हैं, बल्कि नई पीढ़ी के भीतर अपनी सांस्कृतिक विरासत को समझने और सहेजने की भावना भी प्रदर्शित कर रही हैं। नमो घाट पर मौजूद कला के छात्रों से बातचीत में उन्होंने अपनी कलाकृतियों और उन्हें बनाने के पीछे की सोच साझा की। इस तरह गंगा महोत्सव में संगीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ कला के रंगों ने भी काशी की विरासत को एक नए अंदाज में सामने रखा।

ये भी पढ़ें: सीएम योगी ने रद्द किए सभी कार्यक्रम, मां के अंतिम दर्शन को जाएंगे पंचूर

 

Exit mobile version