Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में घंटाघर की विवादित जमीन को लेकर एक बार फिर विवाद बढ़ गया है। जमीन पर कब्जे को लेकर लंबे समय से चल रहे विवाद के बीच रेस्टोरेंट संचालक की ओर से दोबारा कब्जे की कोशिश किए जाने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि न्यायालय के स्पष्ट आदेश के बावजूद विवादित भूमि पर सामान रखकर कब्जा करने का प्रयास किया गया। दरअसल, मामले की जानकारी मिलने पर व्यापारी मंडल ने नगर निगम में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए नगर आयुक्त प्रशांत नागर ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद नगर निगम के परिवर्तन दल की टीम मौके पर पहुंची और विवादित जमीन पर रखा सामान हटवा दिया।
पहले भी हो चुकी है कब्जे की कोशिश
बता दें, घंटाघर की इस जमीन को लेकर विवाद नया नहीं है। इससे पहले भी रेस्टोरेंट संचालक पर विवादित भूमि पर इंटरलॉकिंग ईंटें लगवाकर कब्जा करने का प्रयास करने का आरोप लग चुका है। ऐसे में लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं को देखते हुए नगर निगम ने कुछ दिन पहले ही जमीन की सुरक्षा के लिए कदम उठाए थे।
दरसअल, नगर आयुक्त के निर्देश पर नगर निगम की टीम ने विवादित भूमि के चारों तरफ कटीले तार लगवाकर बैरिकेडिंग कराई थी। इसका मुख्या उद्देश्य जमीन को सुरक्षित रखना और किसी भी पक्ष को वहां कब्जा करने से रोकना था। हालांकि, बैरिकेडिंग के बावजूद दोबारा सामान रखे जाने से विवाद फिर सुर्खियों में आ गया है।
नए घंटाघर का निर्माण भी न्यायालय में विचाराधीन
दरअसल, फिरोजाबाद में नए घंटाघर के निर्माण को लेकर भी मामला न्यायालय में विचाराधीन है। जमीन पर मालिकाना हक और निर्माण से जुड़े विवाद का अभी अंतिम निस्तारण नहीं हुआ है। न्यायालय ने मामले का फैसला आने तक संबंधित भूमि पर यथास्थिति बनाए रखने का आदेश दिया है। फिलहाल नगर निगम की कार्रवाई के बाद विवादित जमीन से सामान हटवा दिया गया है। लेकिन बार-बार कब्जे की कोशिशों ने जमीन की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब सभी की नजरें न्यायालय के आगामी फैसले और नगर निगम की आगे की कार्रवाई पर टिकी हैं।
ये भी पढ़ें: अमित शाह संभालेंगे यूपी की कमान, हर महीने एक सप्ताह करेंगे दौरा

