Site icon UP की बात

UP में बिजली बिल पर राहत: 1 महीने तक नहीं कटेगी लाइट, स्मार्ट मीटर पर रोक

वाराणसी में ऊर्जा विभाग की समीक्षा बैठक के दौरान उत्तर प्रदेश सरकार ने उपभोक्ताओं को बड़ी राहत देने का ऐलान किया। ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने कहा कि 1 किलोवाट तक के बिजली कनेक्शन वाले उपभोक्ताओं की लाइट बिल जमा न होने पर भी एक महीने तक नहीं काटी जाएगी। यह फैसला खासतौर पर गरीब और रोजमर्रा के उपभोक्ताओं को राहत देने के लिए लिया गया है।

इसके अलावा, जिन उपभोक्ताओं ने 2 किलोवाट तक का प्रीपेड मीटर कनेक्शन लिया है, उनके खाते में यदि 200 रुपये तक का माइनस बैलेंस हो जाता है, तब भी एक सप्ताह तक बिजली आपूर्ति बाधित नहीं की जाएगी। मंत्री ने बताया कि प्रदेश में लगातार बिजली की मांग बढ़ रही है और वर्तमान वित्तीय वर्ष में करीब 800 मेगावाट अतिरिक्त आपूर्ति की जा रही है, ताकि उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली मिल सके।

स्मार्ट मीटर को लेकर आ रही शिकायतों पर भी सरकार ने सख्त रुख अपनाया है। मंत्री ने स्पष्ट कहा कि जब तक स्मार्ट मीटर से जुड़ी तकनीकी समस्याओं का समाधान नहीं हो जाता, तब तक प्रदेश में नए स्मार्ट मीटर नहीं लगाए जाएंगे। बैठक में बिजली से जुड़े मुद्दों के अलावा सड़कों पर अतिक्रमण और साफ-सफाई जैसे विषयों पर भी अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

Exit mobile version