लखनऊ, 21 सितंबर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को आयोजित जनता दर्शन में प्रदेश के अलग-अलग जिलों से पहुंचे लोगों की समस्याएं सुनीं। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि छोटी घटनाओं को समय रहते गंभीरता से लिया जाए, ताकि वे आगे चलकर बड़े विवाद का रूप न लें। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनशिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
छोटी घटनाओं पर डीएम और एसपी रखें सीधी नजर
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कुछ लोग सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने के लिए छोटी घटनाओं को बढ़ाने का प्रयास कर सकते हैं। ऐसे में जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक अपने-अपने जिलों में होने वाली घटनाओं पर सतर्क निगरानी रखें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि किसी घटना की सूचना मिलने पर वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचें, पीड़ित पक्ष की बात सुनें और कानून के अनुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें।
पीड़ितों की संतुष्टि सरकार की प्राथमिकता
जनता दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री ने वहां मौजूद प्रत्येक फरियादी से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं। प्रशासन, पुलिस, राजस्व और बिजली समेत विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतों के प्रार्थना पत्र भी लिए गए। सीएम योगी ने अधिकारियों से कहा कि जनसमस्याओं का समाधान संवेदनशीलता के साथ निर्धारित समयसीमा में किया जाए। पात्र लोगों को सरकारी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के साथ जरूरतमंद मरीजों के इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
भूमाफिया और दबंगों पर कार्रवाई के निर्देश
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि भूमि विवाद और कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों में त्वरित कार्रवाई की जाए। उन्होंने भूमाफिया और दबंग तत्वों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने यह भी कहा कि किसी भी फरियादी को अपनी समस्या के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
पुलिस से जुड़ी शिकायतों पर सीएम का सख्त रुख
जनता दर्शन में पुलिस और राजस्व विभाग से संबंधित शिकायतें भी सामने आईं। इन मामलों को लेकर मुख्यमंत्री ने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को नियमित रूप से जनसमस्याओं की समीक्षा करने के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस कमिश्नर, एडीजी, आईजी, डीआईजी और एसएसपी स्तर के अधिकारियों से कहा कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में शिकायतों के निस्तारण की निगरानी करें। अधीनस्थ स्तर पर लापरवाही सामने आने पर संबंधित अधिकारी या कर्मचारी के खिलाफ भी आवश्यक कार्रवाई की जाए।
नन्हे बच्चे से बातचीत ने माहौल किया खुशनुमा
जनता दर्शन के दौरान एक भावुक और सहज पल भी देखने को मिला। अपनी मां के साथ पहुंचे एक छोटे बच्चे से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बातचीत की और उसका हालचाल पूछा। मुख्यमंत्री ने बच्चे से उसकी पढ़ाई और स्कूल के बारे में भी जानकारी ली। बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री ने बच्चे को चॉकलेट दी। बच्चे ने चॉकलेट तुरंत ले ली और जब मुख्यमंत्री ने उसे वापस मांगने का मजाक किया तो उसने चॉकलेट लौटाने से इनकार कर दिया। इस पर वहां मौजूद लोगों के बीच मुस्कान और हंसी का माहौल बन गया। मुख्यमंत्री ने बच्चे को उज्ज्वल भविष्य का आशीर्वाद देते हुए मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया।

