Site icon UP की बात

बलरामपुर चीनी मिल हैदरगढ़ में डीएम का दौरा, गन्ना टिश्यू कल्चर लैब का लिया जायजा, CSR से बांटी सिलाई मशीनें

बलरामपुर चीनी मिल हैदरगढ़ में डीएम का दौरा, गन्ना टिश्यू कल्चर लैब का लिया जायजा, CSR से बांटी सिलाई मशीनें

बलरामपुर चीनी मिल हैदरगढ़ में डीएम का दौरा, गन्ना टिश्यू कल्चर लैब का लिया जायजा, CSR से बांटी सिलाई मशीनें

कृषि क्षेत्र में आधुनिक तकनीक के प्रयोग और ग्रामीण विकास को गति देने के उद्देश्य से जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह ने बुधवार को बलरामपुर चीनी मिल्स लिमिटेड की हैदरगढ़ इकाई का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मिल परिसर में संचालित गन्ना टिश्यू कल्चर प्रयोगशाला का जायजा लिया और उन्नत प्रजातियों के उत्पादन से लेकर किसानों के खेतों तक उनकी पहुंच की पूरी प्रक्रिया की गहन समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान चीनी मिल के अधिकारियों और तकनीकी विशेषज्ञों ने जिलाधिकारी को प्रयोगशाला में तैयार किए जा रहे पौधों की गुणवत्ता और वितरण प्रणाली के बारे में विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम में आधुनिक कृषि यंत्रीकरण के क्षेत्र में कार्य करने वाले प्रगतिशील किसानों को भी सम्मानित किया गया।

बलरामपुर चीनी मिल हैदरगढ़ में डीएम का दौरा

डीएम ईशान प्रताप सिंह ने बुधवार को बलरामपुर चीनी मिल्स लिमिटेड की हैदरगढ़ इकाई का निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने आधुनिक वैज्ञानिक तकनीकों से तैयार की जा रही गन्ने की नई प्रजातियों को जल्द से जल्द आम किसानों तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि परंपरागत खेती के बजाय जब किसान बेहतर गुणवत्ता वाली और रोगप्रतिरोधक किस्मों को अपनाएंगे, तो इससे न केवल गन्ने की उत्पादकता में वृद्धि होगी, बल्कि किसानों की आय बढ़ाने के नए रास्ते भी खुलेंगे।

 

कार्यक्रम में बांटी सहायता सामग्री

निरीक्षण के बाद मिल परिसर के सभागार में बलराम फाउंडेशन की ओर से सामाजिक उत्तरदायित्व के तहत एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए सिलाई मशीनें वितरित की गईं। इसके साथ ही, टीबी मुक्त भारत अभियान में सहयोग देते हुए मरीजों को पोषण पोटली प्रदान की गई, ताकि उनका स्वास्थ्य तेजी से सुधर सके। कार्यक्रम में आधुनिक कृषि यंत्रीकरण के क्षेत्र में कार्य करने वाले प्रगतिशील किसानों को भी सम्मानित किया गया।

विकास की दिशा में उपयोगी पहल

समारोह को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह ने बलराम फाउंडेशन के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ना, टीबी मरीजों को पोषाहार उपलब्ध कराना और किसानों को आधुनिक यंत्रों के इस्तेमाल के लिए प्रोत्साहित करना एक अत्यंत सराहनीय और उपयोगी कदम है। इस अवसर पर संयुक्त मजिस्ट्रेट व एसडीएम नवाबगंज गुंजिता अग्रवाल, जॉइंट मजिस्ट्रेट विद्यान्शु शेखर झा, बलरामपुर ग्रुप के सीजीएम अरविंद सिंह, हैदरगढ़ मिल के सीजीएम विनोद यादव, जिला कृषि अधिकारी, जिला गन्ना अधिकारी, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी राजीव टंडन, उप महाप्रबंधक गन्ना धर्मेश मेहरोत्रा और मुख्य प्रबंधक उपदेश शर्मा समेत कई प्रशासनिक अधिकारी, चीनी मिल कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय किसान व महिलाएं उपस्थित रहे।

 

Exit mobile version